Breaking News

अपने ही सदस्य को नक्सलियों ने गोली मारी

10 Jan, 2024 707

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भाकपा माओवादी नक्सलियों ने झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में अपने ही संगठन से जुड़े एक नक्सली नेल्सन भेंगरा की गोली मारकर हत्या कर दी। माना जा रहा है कि नक्सलियों ने संगठन की सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने के आरोप में उसे मौत की सजा दी है। नेल्सन भेंगरा सारंडा जंगल के जराईकेला थाना क्षेत्र का निवासी था। वह लंबे समय से भाकपा माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि नौ  जनवरी की रात हथियारबंद नक्सलियों का एक समूह उसके गांव समठा पहुंचा। वे उसे पकड़कर अपने साथ ले गये। पहले जमकर पिटाई की और फिर बाद में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। नेल्सन की हत्या के बारे में पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है। बता दें कि ओडिशा की बिसरा थाना पुलिस ने नेल्सन भेंगरा को मई 2023 में जेल भेजा था। उसे सड़क निर्माण कंपनी से नक्सलियों के नाम पर लेवी मांगने के आरोप में जेल भेजा गया था। दो महीने पहले ही वह जेल से निकला था। इधर, हत्या के बाद कोल्हान डीआईजी अजय लिंडा के नेतृत्व में भारी तादाद में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। जराईकेला, मनोहरपुर और छोटा नगरा क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की तलाश की जा रही है। बता दें कि नक्सलियों में ऐसा कम ही देखने को मिलता है जब उनमें आपसी रंजिश हो।

अन्य खबरे