अमेरिकन नागरिकों को फांसने वाले बोगस ऐमज़ॉन कॉल सेंटर का पर्दाफाश
संवाददाता/ in24 न्यूज़
मुंबई (mumbai) से सटे नवी मुंबई (navi mumbai) पुलिस ने एक ऐसे फर्जी कॉल सेंटर (fake call center) का भंडाफोड़ किया है, जो विदेशी नागरिकों को ठगने का काम करता था. नवी मुंबई के ऐरोली सेक्टर 20 के शिवशंकर हाइट इमारत से चलने वाले इस कॉल सेंटर के ठगी की जानकारी पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस ने यहाँ छापा मार कर 7 लोगों को गिरफ्तार किया, साथ ही यहाँ से 10 लैपटॉप, 8 मोबाइल और 4 हेडफोन पुलिस ने बरामद किया है. इस मामले में जाँच अधिकारी ने बताया कि, यहाँ काम करने वाले लोग अमेरिका (america) के नागरिकों को फोन करते और अपना परिचय अमेजॉन (amazon) कंपनी के कर्मचारी के रूप में देते थे. कॉल सेंटर के कर्मचारी अमेरिकी नागरिकों के ई-कॉमर्स (E-commerce) खातों को हैक करने के बाद उन्हें एंटी-वायरस सॉफ्टवेयर (anti virus software) बेचने का काम करते थे और उन्हें गिफ्ट कार्ड के माध्यम से भुगतान करने के लिए मजबूर करते थे और भुगतान की रकम अपने खाते में डिपॉजिट कराते थे. पुलिस का कहना है कि कथित सभी आरोपी अमेरिकी नागरिकों को कॉल करने के लिए वीओआइपी का इस्तेमाल करते थे. गिरफ्तार सभी आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं. इन सभी आरोपियों के बारे में पुलिस का कहना है कि इनमें से अधिकांश ने मात्र 10वीं और 12वीं तक ही पढ़ाई की है लेकिन फर्राटेदार अमेरिकन इंग्लिश बोलने में माहिर हैं. अब पुलिस आगे की जाँच में यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इस मामले में कोई अमेजॉन कंपनी का कर्मचारी भी शामिल है या नहीं?