आईपीएस अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज
संवाददाता/in24 न्यूज़.
मुंबई में एक आईपीएस अधिकारी पर नाबालिग के यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ है. बताया जा रहा है कि नाबालिग के साथ इस आईपीएस अधिकारी ने 6 महीने पहले इस वारदात को अंजाम दिया था. नाबालिग किशोरी की उम्र 17 साल बताई जा रही है. आईपीएस अधिकारी की पहचान निशिकांत मोरे के तौर पर हुई है जो तलोज पुलिस में उप महानिरीक्षक (मोटर परिवहन) के पद पर तैनात हैं. पुलिस ने अब मोरे के खिलाफ यौन उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस पर आरोप है कि वह लंबे समय से मोरे के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कर रही थी और उसे बचाने के पूरे प्रयास में लगी थी. जानकारी के अनुसार किशोरी के परिवार और मोरे पुराने परिचित हैं. इस वारदात को मोरे ने किशोरी की जन्मदिन की पार्टी के दिन अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मोरे को गिरफ्तार नहीं किया गया है. पीड़िता के परिजन ने बताया कि मोरे 5 जून को युवती के जन्मदिन की पार्टी में बिना बुलाए पहुंच गए. यहां पर उन्होंने शराब की मांग की और फिर नशे में किशोरी के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकतें कीं. यह पूरी घटना उस दौरान मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली गई. इस वीडियो क्लिप के आधार पर पुलिस ने मोरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है.