ऑनलाइन फ्रॉड के गोरखधंधे में 23 लड़कियां और 90 लड़के पकड़े गए
संवाददाता/in24 न्यूज़.
तकनीकी क्रांति के इस दौर में ऑनलाइन अनेक किस्म के काम हो रहे हैं। विदेशों में ऑनलाइन कॉल कर लोगों को चूना लगाने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। अंबाला शहर के घूंघट पैलेस में चल रहे कॉल सेंटर की आड़ में यह गिरोह ऑनलाइन फ्रॉड कर रहा था। हरियाणा की एसटीएफ ने मंगलवार आधी रात को इस कॉल सेंटर पर कार्रवाई की। मौके से एसटीएफ की टीम ने करीब 125 कंप्यूटर भी बरामद किए। गुजरात और नेपाल की 23 लड़कियों और 90 लड़कों को मौके से पकड़ा गया। ये लोग रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक विदेशों में कॉल करते थे। प्रदेश की एसटीएफ के डीआईजी सतीश बाल्यान की अगुवाई में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसटीएफ के एसपी गंगाराम पुनिया भी मौके पर मौजूद रहे। अंबाला से डीएसपी कुलभूषण की टीम ने भी एसटीएफ का सहयोग किया। पकड़ी गई लड़कियों और लड़कों को एसटीएफ ने पता और नाम लिखकर छोड़ दिया। अब करीब 10 व्यक्तियों पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जाहिर है कॉल सेंटर के गोरखधंधे का कारनामा इसके जरिये सामने आएगा।