कर्ज देने के बहाने ऑन लाइन ठगी !
संवाददाता/in24 न्यूज़. मुंबई के जोगेश्वरी पूर्व स्थित प्रेमनगर इलाके में अवैध कॉल सेंटर के जरिये नटवरलाली का गोरखधंधा अपनी चरम पर था जिसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेघवाड़ी पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों पर आरोप है कि वे वित्तीय संस्थाओं की तरफ से कर्ज दिलाने का लालच दिया करते थे और खासकर अमेरिकन नागरिको को अपना शिकार बनाया करते थे. जिन लोगों पर मुंबई की मेघवाड़ी पुलिस ने शिकंजा कसा है उनके नाम है मोहसिन समसुद्दीन सय्यद, रमीज रफीक शेख, अरबाज अमलउल्ला अंसारी, उमेर सफीक मीर और मोहम्मद अफसान शेख. ये सभी आरोपी जोगेश्वरी के प्रेम नगर में अवैध रूप से काल सेंटर चलाते थे. इस मामले में अमेरिकी नागरिको की जानकरी मोहम्मद अफसान और मोहसिन इकट्ठा करते थे अपने 3 साथियों के साथ कर्ज की सुविधा का लालच देकर उन्हें ठगी की जाल में फंसाते थे. पुलिस के मुताबिक प्रतिदिन लगभग 100 लोगो को ये लोग फोन करते थे और कर्ज देने के लिए उन्हें संदेश भेजते थे. जब बंदा इनके जाल में फंस जाता तो उससे सिक्युरिटी डिपोजिट के नाम पर ये नटवरलाल मोटी रकम जमा कराते थे. ये लोग वाल मार्ट, गेम स्टॉप, गूगल प्ले द्वारा गिफ्ट कार्ड के रूप में सिक्युरिटी डिपाजिट की रकम देने के लिए कहते थे. जब यह पैसा इन लोगो के खाते में आ जाता तो प्रत्येक डालर के पीछे आरोपी अफसान 20 रुपये मोहसिन को देता था. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी नटवरलालों से पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इनके तार किसी अंतर्राष्ट्रीय गिरोह से तो नहीं जुड़े.