Breaking News

घरेलू कलह के बाद महिला ने तीन बच्चों के साथ आत्महत्या की

20 May, 2022 847

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
ज़िंदगी खत्म करने में कई बार घरेलू कलह सबसे बड़ी वजह बन जाती है। नारनौल के गांव दुबलाना में एक महिला ने अपने तीन बच्चों सहित पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। बच्चों में आठ माह की बच्ची, दो वर्ष का लड़का और चार साल का लड़का शामिल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी के शवों को बाहर निकाला और सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक़ रामसेवक (30) और उसकी पत्नी सावित्री (28) निवासी जिला छतरपुर मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। वे गांव दुबलाना में पिछले दो से तीन महीने से रह रहे हैं और यहां पर मजदूरी करते थे। सोमवार सुबह पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान सावित्री पति के साथ काम पर भी नहीं गई। पति के जाने के बाद उसने अपने बच्चे उर्मिला (8 माह), मयंक (2 वर्ष) तथा नीरज (4) को मकान के आंगन में बने टैंक में डाल दिया। इसके बाद स्वयं भी पानी के टैंक में कूद कर आत्महत्या कर ली। जब शाम को रामसेवक घर वापस आया तो उसने अपनी पत्नी और बच्चों को न पाकर तलाश की, लेकिन जब उसकी नजर पानी के टैंक पर पड़ी तो उसमें पत्नी का सिर दिखाई दिया। इसके बाद उसने शोर मचा दिया। वहां पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एक के बाद एक चारों शवों को बाहर निकाल कर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। आगे की कार्रवाई शुरू है।

अन्य खबरे