छत्तीसगढ़ में पांच लाख रुपए का इनामी नक्सली कमांडर गिरफ्तार
संवाददाता/ in24 न्यूज़.
नक्सलियों की सक्रियता के बावजूद छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। के यहां सुकमा पुलिस ने पांच लाख रुपए के इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार नक्सली ने दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर के बॉर्डर के गांवों में कई सालों से उत्पात मचा रखा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार की रात गिरफ्तार नक्सली शंकर वर्ष 2009 से 2010 नवंबर तक नागाराम एलओएस सदस्य था। दिसंबर 2010 से साल 2016 तक बासागुड़ा एलओएस सदस्य बनाया गया। साल 2017 से 2020 तक जगरगुंडा एरिया कमेटी में बासागुड़ा एलओएस डिप्टी कमांडर बनाया गया था। वर्ष 2020 को पार्टी सदस्य से एसीएम के पद पर पदोन्नत किया गया। गिरफ्तार नक्सली 2021 को टेकलगुड़ा में हुए हमले में शामिल रहा है। इस घटना में सीआरपीएफ के 22 जवानों की शहादत हुई थी। चिन्नातरेंम मुठभेड़, चिन्नागेलूर के ग्रामीण की हत्या करने सहित कई घटनाओं में शामिल रहा है। इस पर बासागुड़ा, तर्रेम, जगरगुंडा सहित अन्य थानों में अपराध दर्ज हैं। बता दें गिरफ्तार नक्सली की तलाश में तीनों जिलों की पुलिस जुटी हुई थी।