डायन होने के शक में परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश एक तरफ विकास के नए आयाम तय कर रहा है, मगर दूसरी तरफ आज भी अंधविश्वास की बेड़ियां बरकरार हैं। झारखंड के गुमला में रिश्तेदारों ने डायन होने के शक में परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस के सामने सरेंडर भी कर दिया। घटना लूटो गांव की है। उनके पास से हत्या के दौरान कुल्हाड़ी बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में बंधन उरांव, सोमरी देवी और उनकी बहू बासमुनी देवी शामिल हैं। हत्या के आरोपी उनके भतीजे बिपता उरांव और जुलू उरांव ने बताया कि तीनों तंत्र-मंत्र करके उनके परिवार को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी है और हत्या की असली वजह जानना चाह रही है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ दिन पहले दोनों का मृतकों से विवाद भी हुआ था। वारदार की जानकारी देते हुए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रात के समय बासमुनी देवी अपने सास-ससुर को खाना परोस रही थी। इसी समय दोनों घर में घुसे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। शोर सुन बासमुनी किचन से बाहर आई, इसके बाद दोनों ने उस पर भी हमला कर दिया। इस दौरान दूसरे कमरे में दो मासूम सो रहे थे, जिनकी जान बच गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीपीओ मनीष चंद लाल ने बताया कि तीनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। घटना का असल कारण पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इतना तय है कि इस पूरे वारदात के पीछे असली वजह अंधविश्वास है।