ताज महल को उड़ाने की धमकी फर्जी निकली
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दुनिया भर में प्रसिद्ध ताज महल को उड़ाने की धमकी से हड़कंप मच गया। ताज महल के अंदर बम होने की अफवाह के बाद अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम पर सुबह दस बजे पुलिस को एक व्यक्ति ने ताज महल के अंदर बम रखे होने की सूचना दी। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर किसी ने फोन करके ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने कहा कि ताजमहल के अंदर विस्फोटक है जो कुछ देर में फट जाएगा। सूचना पर तत्काल आगरा पुलिस को अलर्ट किया गया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद फोर्स के साथ पहुंच गए। बीडीएस की दो टीमों को मौके पर बुला लिया गया। सीआईएसएफ कमांडेंट को भी जानकारी दी गई। ताजमहल के दोनों गेटों को बंद कर अंदर मौजूद पर्यटकों को बाहर निकाला गया। इस दौरान चेकिंग भी की गई और करीब एक घंटे तक ताजमहल के चप्पे-चप्पे में तलाशी की गई। मगर, कोई भी विस्फोटक नहीं मिला। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद का कहना है कि किसी व्यक्ति ने फर्जी सूचना दी थी। इसके बाद चेकिंग कराई गई। मगर, कोई विस्फोटक नहीं मिला है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नंबर ट्रेस करने पर पता चला कि कॉल करने वाला फिरोजाबाद का है। आगरा पुलिस ने फिरोजाबाद पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया। वहां एक युवक को पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि युवक आर्मी भर्ती रद्द होने की वजह से नाराज था और इसीलिए उसने फर्जी कॉल से धमकी दी थी। मगर अब सारा मामला सामने आ गया है और बहुत बड़े हादसे से ताज बच गया है।