तीन बेटियों के कारण पिता ने की आत्महत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हर पिता चाहता है कि उसकी औलाद खुश रहे, मगर कई बार औलाद की ही वजह से पिता की ज़िंदगी नर्क बनकर रह जाती है. जोधपुर से एक ऐसी खबर आई है जिसके तहत अपनी बेटियों की वजह से पिता को आत्महत्या करनी पड़ी. बता दें कि राजस्थान के जोधपुर के पास सांगरियां स्थित अमरावती नगर में अपने वृद्ध पिता को प्रोपर्टी विवाद के चलते आत्महत्या के लिए उकसाने वाली तीन बेटियों को पुलिस ने शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ की जा रही है। मृतक के पुत्र ने तीन बहनों के साथ ही बहनोई के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। बासनी पुलिस ने बताया कि सांगरिया स्थित अमरावती नगर में रहने वाले एफसीआई से सेवानिवृत 60 साल के बीरबल राम पुत्र बाबूलाल विश्रोई ने गत 14 मई को घर की एक दीवार के सहारे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इसमें प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि वे जमीन व मकान के विवाद के चलते बेटियों से परेशान थे। तब उनके पुत्र ने अपनी तीन बहनों पुष्पा, राजेश्वरी एवं कमला सहित अन्य के खिलाफ आत्महत्या केलिए उकसाने का केस दर्ज करवाया। पुलिस ने आरंभिक पड़ताल में बीरबल की तीनों पुत्रियों को गिरफ्तार कर पूछताछ आरंभ की है।