Breaking News

निर्भया का दरिंदा मुकेश अब नहीं बचेगा

29 Jan, 2020 849

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
बलात्कार मामले में आरोपी होने के बाद भी निर्भया का दरिंदा मुकेश दया की भीख मांगता रहा, मगर मामले की गंभीरता समझकर उसे ज़िंदगी का तोहफा नहीं देने का अंतिम फैसला कर लिया गया. निर्भया गैंगरेप में मौत की सजा पाए चार दरिंदों में से एक मुकेश कुमार सिंह की फांसी पर सुप्रीम कोर्ट ने आखिरी मुहर लगा दी है. दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति के फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया. बता दें कि दोषी मुकेश कुमार सिंह के वकील की ओर से सुप्रीम कोर्ट में उसकी याचिका पर समीक्षा या विचार करने लिए अपील की थी, लेकिन सर्वोच्च कोर्ट ने राष्ट्रपति के फैसले में किसी भी तरह का दखल देने से इनकार कर दिया. इसी के साथ मुकेश कुमार सिंह के पास अब सभी कानून विकल्प खत्म हो चुके हैं और उसे फांसी लगना तय हो गया है. सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रपति के फैसले में कोई जल्दबाजी नजर नहीं आती. उन्होंने सभी दस्तावेज देखकर ही फैसला दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि जेल में मुकेश के साथ खराब व्यवहार हुआ, यह उसकी दया का आधार नहीं हो सकता. सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा कि दया याचिका पर शीघ्र कार्रवाई करने का मतलब ये नहीं है कि अच्छे से फैसला नहीं लिया गया है. बता दें कि मुकेश की वकील ने कहा था दया याचिका को जल्द खारिज करने की वजह से उस पर ठीक से गौर नहीं किया गया है. बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 17 जनवरी को मुकेश की दया याचिका को खारिज कर दिया था. मामले के चारों दोषियों को एक फरवरी की सुबह छह बजे फांसी दी जानी है. पटियाला हाउस कोर्ट ने 17 जनवरी को निर्भया केस के चारों दोषियों के खिलाफ नया डेथ वारंट जारी किया था.

अन्य खबरे