पति को आया दौरा तो कर दी पत्नी की हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पति और पत्नी का रिश्ता भले ही जन्म जन्मांतर तक होने की बात होती है, मगर कलयुग में ये रिश्ता कब तार-तार हो जाए या खत्म हो जाए, यह कहा नहीं जा सकता। जोधपुर में मर्डर मिस्ट्री का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां रात में एक सनकी पति ने अपने पत्नी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्यारे पति ने खुद ही पुलिस और ससुराल वालों को हत्या की सूचना दी। जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द किया है. खबरों के मुताबिक, घटना बीजेएस कॉलोनी की है जो महामंदिर थाना के अंतर्गत आता है। आरोपी ने हत्या के बाद उसने खुद पुलिस को फोन किया। इसके बाद उसने ही अपने ससुराल में ससुर को फोन कर कहा कि आपकी बेटी की हत्या कर दी है। वारदात को अंजाम देने के बाद शव के पास बैठकर मोबाइल पर गेम खेलने लगा। एसीपी दरजाराम ने बताया कि विक्रम सिंह का परिवार मूलत फलोदी का रहने वाला है। बीजेएस कॉलोनी में भी इनका एक मकान है, जहां वह लंबे समय से रह रहा था।शिव कंवर के पिता मनोहर सिंह ने विक्रम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। डीसीपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी थी। हैरानी की बात है कि पुलिस थाने में उसे इस बात का अहसास हुआ कि उसने अपने ही बच्चों को अनाथ कर दिया। आरोपी विक्रम के एक बेटा और बेटी भी है। वहीं, पुलिस के लिए हत्या की वजह पहेली बन गई है, क्योंकि, हत्यारे विक्रम का कहना है कि रात में उसे इस बात का बोध नहीं था कि उसने क्या कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि उसे अचानक मानसिक दौरा आया था। इसके बाद उठकर अपनी पत्नी का कत्ल कर दिया। आगे की जांच में पुलिस जुटी हुई है ताकि असली वजह सामने आ सके.