पति-पत्नी ने लगाई एक साथ फांसी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पति-पत्नी ने एक साथ फांसी लगाकर अपनी ज़िंदगी समाप्त कर ली. यह घटना उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद थाना क्षेत्र की है. दोनों की लाश एक ही रस्सी से लटकी पाई गई. पुलिस ने दोनों लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मौके से कोई सोसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस क्षेत्राधिकारी केशव कुमार के मुताबिक़ 50 वर्षीय मंगत सिंह पाल अपनी 47 वर्षीय पत्नी शीला और परिवार के साथ अर्थला में रहते थे। उनके परिवार में बेटा उसकी पत्नी और बेटी है। मंगत सिंह पाल पहले डेरी चलाते थे बाद में उन्होंने डेरी बंद कर गार्ड नौकरी ज्वाइन कर ली थी। उन्होंने बताया कि मंगत सिंह पाल का बेटा योगेश सुबह अपनी जॉब पर चला गया। घर में उसकी पत्नी और बहन रह गए। दोपहर तक माता-पिता के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो बेटी ने कमरे का गेट कई बार बजाया, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। इसके बाद बेटी ने पड़ोसियों को इस बारे में बताया। पड़ोस के लोगों ने खिड़की से झाक कर देखा तो दोनों एक पंखे से एक ही रस्सी से लटके हुए थे। पुलिस इस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई है.