बच्चों को घर में बंद कर काम पर जानेवाले मां-बाप हिरासत में
संवाददाता/in24 न्यूज़।
अपने बच्चों के लिए मां-बाप किसी भी हद से गुज़र जाते हैं, पर जयपुर में माता-पिता की बर्बरता का एक अजीबोगरीब मामला दखने को मिला है। यहां एक दंपत्ति ने अपने 6 और 10 साल के बच्चों को उल्टा लटकाकर जंजीरों से बांधकर ताला लगा दिया। बच्चों की शरारतों से परेशान मां-बाप ने ना केवल उन्हें जंजीरों से बांधा बल्कि उन्हे घर में बंद कर काम पर भी चले गए। मासूम आठ घंटे तक दर्द से चीखते-कराहते रहे। बच्चों की आवाज सुनकर आस-पास के लोग इकठ्ठा हो गए। जब उन्होंने घर में झांककर देखा तब इस मामले का खुलासा हुआ। दरअसल जयपुर के मुरलीपुरा इलाके का ये मामला है। यहां शनिवार शाम पड़ोसियों ने जब बच्चों की ये हालत देखी तो हैरान रह गए। फौरन एनजीओ और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बच्चों के मां-बाप को बुलाया गया, जब वो वहां पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। पुलिस और लोगों की बात सुनकर बच्चों की मां ने गुस्से में आकर कहा कि शरारत करेंगे तो ऐसे ही पिटेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने लोगों को भी धमकाया और कहा कि मेरे बच्चे हैं, मैं जो चाहे, करूं। इन बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर के लोगों ने छुड़ाया। वहीं पुलिस ने मां-बाप को हिरासत में ले लिया है। मुरलीपुरा पुलिस को पड़ोस के लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से मकान से चीखने और रोने की आवाज आ रही थी। दोनों बच्चों से मारपीट की जाती है। फिर उन्हें कमरे में बंधक बनाकर मां-बाप चले जाते हैं। दोनों बच्चों के माता-पिता मजदूरी करते हैं। वे दोनों काम पर चले जाते हैं और दोनों बच्चे भूखे-प्यासे दिनभर कमरे में बंधे रहते हैं। जब मां-बाप वहां पहुंचे तो बच्चे उन्हे देखकर डर और सहम गए। वहीं पुलिस ने मां-बाप को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोनों बच्चों का मेडिकल करवाया तथा उनके अन्य रिश्तेदारों को भी बुलाया गया है। आगे की कार्रवाई शुरू है।