बिहार में निगरानी विभाग ने छापेमारी में 48 लाख और सोने चांदी के बिस्किट किए बरामद
संवाददाता/in24 न्यूज़.
निगरानी विभाग ने बिहार में मुजफ्फरपुर समेत कई जगहों पर बड़ी छापेमारी की है, जो फिलहाल जारी है। इसमें बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा होने की उम्मीद है। खबरों के मुताबिक मुजफ्फरपुर और छपरा के जिला परिवहन पदाधिकारी के आवास पर निगरानी की यह छापेमारी कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि निगरानी विभाग ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छपरा डीटीओ रजनीश लाल के पटना और मुजफ्फपुर आवास पर छापा मारा है। विजिलेंस की यह छापेमारी कार्रवाई गुरुवार की सुबह से ही जारी है। जानकारी के अनुसार अब तक की छापेमारी में निगरानी विभाग ने करीब 48 लाख रुपए नकद समेत बड़ी मात्रा में सोने चांदी के बिस्किट बरामद किए हैं। जानकारी के मुताबिक निगरानी विभाग की कार्रवाई संदिग्ध जगहों पर अभी भी जारी है। बता दें कि रजनीश लाल मुजफ्फरपुर के साथ-साथ छपरा डीटीओ की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसी बातें भी सामने आई हैं कि स्टेट बैंक से पैसे गिनने वाली मशीन को मंगाया गया है। वहीं डीटीओ के आवास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। जिसके लाइसेंस के संबंध में सूचना जुटाई जा रही है ताकि सच का पता चल सके।