Breaking News

मजदूर पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

18 May, 2022 975

संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक पति-पत्नी ने सिरसा जिले में शहर के ईरा ग्रुप के निर्माणाधीन मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को मामले की सूचना दी। जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी 20 वर्षीय सोनू और उसकी पत्नी यशोद्धा कुछ समय पहले ही सिरसा के ईरा ग्रुप में मजदूरी का काम करने आए थे। घरेलू कलह के चलते मंगलवार देर रात को दोनों ने निर्माणाधीन मकान में लोहे के एंगल पर चुन्नी से फंदा लगा आत्महत्या कर ली। कमरे से शोर आने के बाद सड़क पर घूम रहे लोगों ने मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले मजदूरों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो मजदूर दंपत्ति फंदे से लटके मिले। उन्होंने मामले की सूचना हुडा चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की जांच की और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतका यशोदा के पिता भी लंबे समय से सिरसा में ही राजमिस्त्री का काम करते हैं। हालांकि मृतक सोनू के परिजन मध्य प्रदेश में ही रहते हैं। पुलिस ने उनके परिजनों को मामले की सूचना दी है। मृतक सोनू के परिजनों के पहुंचने के बाद ही दोनों के शवों का पोस्टमार्टम होगा। हुडा चौकी के हेड कांस्टेबल सुखचैन सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। इस घटना ने लोगों को हैरत में डाल दिया है।

अन्य खबरे