Breaking News

महिला ड्रग इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपए की घूस मांगने के खिलाफ एसीबी ने मामला दर्ज किया

08 Jul, 2022 730

संवाददाता/in24 न्यूज़. 

एक महिला ड्रग इंस्पेक्टर सीमा मीणा के खिलाफ 50 हजार रुपए की घूस मांगने का मामला जयपुर में दर्ज किया गया (ACB Action In Jaipur) है. एसीबी डीजी बीएल सोनी ने जयपुर में बताया कि 22 फरवरी को एक निजी अस्पताल के प्रतिनिधि ने एसीबी मुख्यालय में उपस्थित होकर यह शिकायत की थी कि उनके हॉस्पिटल में फार्मेसी स्टोर खोला जाना है और उसका लाइसेंस जारी करने की एवज में ड्रग इंस्पेक्टर सीमा मीणा 20 हजार रुपए की डिमांड कर रही है. इसके साथ ही ड्रग इंस्पेक्टर सीमा मीणा ने छह माह की ऑडिट करने के दौरान पांच लाख रुपए का सामान जब्त कर लिया और जून में फिर से कार्रवाई की धमकी देकर 60 हजार रुपए मांगे. ड्रग इंस्पेक्टर सीमा मीणा द्वारा लगातार परिवादी को रिश्वत मांग कर परेशान किया जाने लगा, जिस पर एसीबी ने परिवादी के साथ वॉइस रिकॉर्डर भेजा. जिस पर ड्रग इंस्पेक्टर सीमा मीणा ने पहली बार में दस्तावेज की मांग की और दूसरी बार सेठी कॉलोनी सीएमओ ऑफिस स्थित औषधि नियंत्रक कार्यालय में बुलाकर पहले पीड़ित का मोबाइल स्विच ऑफ करवाया फिर मेडिकल स्टोर का लाइसेंस जारी करने के लिए 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी. परिवादी ने रिश्वत की मांग करने की रिकॉर्डिंग लाकर एसीबी मुख्यालय को सौंप दी. हालांकि एसीबी टीम सीमा मीणा के खिलाफ कार्रवाई करती उससे पहले ही एसीबी ने विभाग के दूसरे ड्रग इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया. जिसके चलते ड्रग इंस्पेक्टर सीमा मीणा सचेत हो गई और उसने परिवादी का फोन रिसीव करना बंद कर दिया. हालांकि सीमा मीणा की 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की वॉइस रिकॉर्डिंग पास में होने के चलते अब एसीबी ने सीमा मीणा के खिलाफ घूस मांगे जाने का मुकदमा दर्ज कर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है.

अन्य खबरे