Breaking News

मीरा भायंदर में हफ्ताखोर 'बंटी और बबली' गिरफ्तार

22 Nov, 2021 737
संवाददाता/in24 न्यूज़ 
 
मुंबई से सटे मीरा भायंदर इलाके में इन दिनों हफ्ता उगाही जैसी आपराधिक वारदातों की बाढ़ सी आ गयी है. कुछ लोग इसकी शिकायत पुलिस में कर देते है, लेकिन कुछ लोग डर की वजह से पुलिस स्टेशन नहीं जाते. इसी कड़ी में भायंदर की नवघर पुलिस ने दो ऐसे हफ्ताखोरों को गिरफ्तार किया है जो अपने आपको नेशनल ह्यूमन राइट एक्टविस्ट बता कर लोगों को डराते थे और फिर उनसे रुपयों की उगाही करते थे. 
 
गौर करने वाली बात ये है कि कथित दोनों नटवरलालों में एक महिला भी शामिल है. फिलहाल ये दोनों आरोपी नवघर पुलिस की हिरासत में हैं जहां हवालात में नवघर पुलिस इनकी पूरी हिस्ट्री खंगाल रही है.
 
नवघर पुलिस के मुताबिक, राशन की दुकान चलाने वाले रमेश वर्मा के पास पहुंचे इन कथित 'बंटी और बबली' ने अपने आपको नेशनल ह्यूमन राइट एन्ड सोशल जस्टिस कमीशन संस्था का अधिकारी बता कर उनसे राशन का मेन्टेन्स बुक चेक करने के लिए माँगा, और बुक में कई सारी खामियां बताते हुए ये दोंनो रमेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी देते हुए उन्हें डराने लगे. साथ ही कार्रवाई न करने के एवज में इन्होने राशनिंग दुकानदार वर्मा से 50 हजार रूपये की मांग की. अपने राशन की दुकान का लाइसेंस कैंसिल होने की डर से वर्मा ने पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये दिए, लेकिन कुछ दिनों बाद ये दोनों लगातार फोन करके वर्मा को दूसरी किश्त के बाकी बचे 30 हजार रुपये देने का दबाव बनाने लगे. इस बात से परेशान होकर आख़िरकार दुकानदार वर्मा ने पुलिस से सम्पर्क किया.
 
पुलिस ने जब जांच की तो, इन दोनों ठगों की सारी हकीकत सामने आ गई. जिसके बाद पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से नवघर पुलिस को नेशनल ह्यूमन राइट एंड सोशल जस्टिस कमीशन संस्था का फर्जी आई कार्ड और लेटर हेड मिला. गिरफ्तार आरोपियों के नाम शबाना बानो, वल्लुभाई सिद्दीकी और प्रशांत गंगा विष्णु बताया जा रहा है जिनसे नवघर पुलिस लगातार पूछताछ कर ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होने और किस-किस से नेशनल ह्यूमन राइट्स नाम पर हफ्ता उगाही की है.

अन्य खबरे