Breaking News

शराबी पैसेंजर्स ने फ्लाइट में एयर होस्टेस से की बदसलूकी, कैप्टन को पीटा

09 Jan, 2023 969

संवाददाता/in24 न्यूज़.
फ्लाइट में बुजुर्ग महिला यात्री के साथ एक शख्स द्वारा बदसलूकी करने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ और इसी बीच इंडिगो (indigo) की फ्लाइट में हंगामे और एयर होस्टेस के साथ हाथापाई का मामला सामने आया है। दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट में नशे में धुत तीन यात्रियों ने जमकर हंगामा किया और एयर होस्‍टेस के साथ दुर्व्‍यवहार किया। मामला जब ज्यादा बढ़ गया तो फ्लाइट के कैप्टन ने दखल दिया। इस पर तीनों युवकों ने कैप्टन के साथ भी मारपीट की। घटना रविवार की रात की है। पटना पहुंचने के बाद दो आरोपियों को एयरपोर्ट के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया गया। खबर के मुताबिक दिल्‍ली से पटना (Patna) आ रही इंडिगो की फ्लाइट में तीन युवक नशे में धुत थे। इन युवकों ने एयर होस्‍टेस के साथ दुर्व्‍यवहार किया। एयर होस्‍टेस ने इसकी शिकायत विमान के कैप्‍टन से की। कैप्टन जब तीनों युवकों को समझाने गए तो युवकों ने उनके साथ भी गलत व्यवहार किया। आरोपी तीनों यात्रियों ने उनके साथ भी बदतमीजी और हाथापाई की।पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होने के तुरंत बाद इसकी जानकारी सीआईएसएफ को दी गई। पटना पुलिस मौके पर पहुंची और 2 लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि एक शख्स मौके से बचकर फरार हो गया। पुलिस गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। वहीं तीसरे शख्स की भी पहचान की जा रही है। इस पूरे मामले में एक एफआईआर एयरपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है।यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E-6383 में हुई। रोहित कुमार, नितिन कुमार और पिंटू कुमार गुंडई करते समय खुद को एक राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष का खास आदमी बता रहे थे।

अन्य खबरे