Breaking News

शराबी बेटे ने की शराबी पिता हत्या

29 Apr, 2021 779

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कभी-कभी शराब इतनी खराब हो जाती है कि रिश्तों तक का भान नहीं रहता। बुधवार की देर रात गिद्धौर प्रखंड के कोल्हुआ पंचायत अंतर्गत सिमरिया महादलित टोला निवासी कारु मांझी ने अपने पिता को कुल्हाड़ी से वार कर काट दिया। हत्‍यारा पुत्र नशे में था। बताया जाता है कि खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले कोल्हुआ के सिमरिया महादलित टोले में बुधवार की रात माधो मांझी (उम्र 60 वर्ष) और उनका पुत्र कारु मांझी (उम्र 30 वर्ष) सहित अन्य कई लोग अपने घर के समीप ही बैठकर कच्ची शराब पी रहे थे। इसी क्रम में पिता-पुत्र के बीच शराब पिलाने को लेकर विवाद हो गया। नशे में धुत कारु मांझी ने घर से धारदार कुल्हाड़ी निकालकर पिता के सिर पर वार कर काट डाला। तत्क्षण ही माधो मांझी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं हत्‍या के बाद कारु मांझी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने खैरा पुलिस को दी। गुरुवार की अहले सुबह खैरा थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंच शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम हेतु जमुई भेज दिया और मामले की तहकीकात में जुट गई है। वहीं, महादलित टोले के ग्रामीणों ने बताया कि कारु मांझी तीन महीने पूर्व भी अपनी मां को भी कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर रुप से जख्मी कर दिया गया था। इलाज के दौरान मां की जान बच गई। उक्त घटना की भी शिकायत उसके पिता द्वारा खैरा थाना पुलिस से की गई थी, परंतु पुलिस ने इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं की। फ़िलहाल इसी मामले में लोग जमकर चर्चा कर रहे हैं। 

अन्य खबरे