150 करोड़ के बिटकॉइन घोटाले में राज कुंद्रा पर ईडी ने दाखिल की चार्जशीट
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पर बिटकॉइन घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगा है। राज कुंद्रा पर 150.47 करोड़ रुपये मूल्य के 285 बिटकॉइन रखने का आरोप है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कुंद्रा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। इसमें कहा गया है कि राज कुंद्रा लेन-देन में सिर्फ़ बिचौलिया नहीं, बल्कि एक लाभकारी मालिक हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई ने इस संबंध में खबर दी है। यह आरोपपत्र हाल ही में एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में दाखिल किया गया।
ईडी ने कहा कि राज कुंद्रा के पास 285 बिटकॉइन हैं जो उन्हें क्रिप्टो घोटाले के मास्टरमाइंड दिवंगत अमित भारद्वाज से मिले थे। जांच एजेंसी ने आगे कहा कि कुंद्रा ने जानबूझकर बिटकॉइन वॉलेट के पते सहित महत्वपूर्ण सबूत छिपाए और भारद्वाज से प्राप्त बिटकॉइन वापस नहीं किए। जाँच एजेंसी ने कहा कि कुंद्रा के पास बिटकॉइन थे और वह उनका इस्तेमाल करता रहा। उसने आपराधिक गतिविधियों से प्राप्त धन की उत्पत्ति छिपाने के लिए अपनी पत्नी शिल्पा शेट्टी के साथ बाजार दर से काफी कम दर पर लेन-देन किया।
महाराष्ट्र पुलिस और दिल्ली पुलिस द्वारा वेरिएबल टेक प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी, दिवंगत अमित भारद्वाज, अजय भारद्वाज, विवेक भारद्वाज, सिंपी भारद्वाज और महेंद्र भारद्वाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद कुंद्रा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि बिटकॉइन का इस्तेमाल माइनिंग के लिए किया जाना था और निवेशकों को क्रिप्टो एसेट्स में भारी रिटर्न मिलना था।
राज कुंद्रा पर गेन बिटकॉइन पोंजी स्कीम के मास्टरमाइंड और प्रमोटर अमित भारद्वाज से 285 बिटकॉइन लेने का आरोप है। इस पैसे का इस्तेमाल यूक्रेन में एक माइनिंग कंपनी स्थापित करने के लिए किया जाना था। हालांकि, यह सौदा टूट गया और कुंद्रा के पास अभी भी 285 बिटकॉइन हैं, जिनकी कीमत वर्तमान में 150 करोड़ रुपये से ज़्यादा है। हालांकि कुंद्रा ने मध्यस्थ होने का दावा किया है, लेकिन उन्होंने अपने दावे को साबित करने के लिए कोई दस्तावेज़ पेश नहीं किए हैं।