40 से अधिक महिलाओं को ठगने वाले मामले में एक और आरोपी हुआ गिरफ्तार
23 Dec, 2021
670
संवाददाता/ in24 न्यूज़
ठाणे पुलिस (thane police) ने कुछ दिन पहले एक ऐसे कथित नटवरलाल को गिरफ्तार किया था, जो मैट्रिमोनियल साइट (matrimoney sites) पर महिलाओं को अपने प्यार के झूठे जाल में फंसा कर न केवल उनकी इज्जत के साथ खेलता बल्कि किसी न किसी बहाने उनसे लाखों रुपए ऐंठ कर फरार हो जाता था. अब इसी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के एक और साथी को गिरफ्तार किया है, गिरफ्तार आरोपी का नाम श्रीनिवास बताया जा रहा है.
दरअसल इस चौंका देने वाले मामले का खुलासा अभी कुछ दिन पहले ही हुआ था, जब ठाणे (thane) के कापुरबावड़ी पुलिस स्टेशन पहुंच कर एक महिला ने खुद अपनी सारी व्यथा सुनाते हुए एफआईआर दर्ज कराई। महिला ने बताया कि प्रजीत टीके नाम का शख्स उसे मैट्रिमोनियल साइट पर मिला था. दोनों की पहचान होने पर प्रजीत टीके ने महिला को अपनी लच्छेदार शब्दों के जाल में इस तरह से फंसाया कि महिला ने उस पर आसानी से भरोसा भी कर लिया। यही नहीं, कुछ ही दिनों में दोनों के बीच अंतरंग संबंध भी बन गए, साथ ही कथित नटवरलाल प्रजीत टीके ने महिला को बड़े -बड़े सब्जबाग दिखाकर उसके पास से कुल 15 लाख रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली, लेकिन जब तक इस महिला को असलियत का पता चलता, तब तक काफी देर हो चुकी थी, जिसके बाद इस पीड़ित महिला ने पुलिस की सहायता ली और जब मामले की जांच शुरू हुई तो टीके की असलियत जानकर पुलिस भी हैरान रह गयी.
पुलिस के मुताबिक इन दोनों आरोपियों ने अब तक 40 से अधिक महिलाओं को इसी तरह से अपनी ठगी का शिकार बनाया और उन सभी से करीब साढ़े 3 करोड़ रूपये से अधिक की उगाही की है. यही नहीं, इस कथित जालसाज ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर मुंबई, ठाणे, केरल, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे शहरों में भी कई महिलाओं को अपने ठगी का शिकार बनाया है. अब पुलिस ठगी की शिकार सभी पीड़ित महिलाओं से अपील कर रही है कि वे आगे आये और इस नटवरलाल के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि इसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा सके.