उबर कैब ड्राइवर ने की एक्ट्रेस से बदसलूकी, मुंबई पुलिस ने कार्रवाई का दिया आदेश |
संवाददाता/in24news
फिल्म अभिनेत्री और निर्देशक मनवा नाइक ने आरोप लगाया है कि ऐप आधारित कैब सेवा प्रदान करने वाली ‘उबर’ कंपनी के एक चालक ने उनके साथ उस समय बदसलूकी की और धमकी दी जब वह टैक्सी से घर जा रही थीं। मराठी और हिंदी फिल्मों में काम कर चुकीं अभिनेत्री ने शनिवार शाम हुई कथित घटना के बारे में अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट लिखा है। मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटिल ने पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा कि शहर की पुलिस ने घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है और आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी। अपने फेसबुक पोस्ट पर अभिनेत्री ने लिखा कि वह शनिवार की रात करीब सवा आठ बजे घर जाने के लिए बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स से कैब में सवार हुईं, सफर के दौरान कैब चालक लगातार फोन पर बात कर रहा था जिस पर उन्होंने ऐतराज़ जताया। अभिनेत्री ने कहा कि इसके बाद ड्राइवर ने बीकेसी में सिंगल तोड़ा जिस पर एक यातायात पुलिसकर्मी ने गाड़ी को रोका और उसका फोटो ले लिया। उन्होंने कहा कि चालक यातायात पुलिसकर्मी से बहस करने लगा तो उन्होंने पुलिसकर्मी से कहा कि वह गाड़ी को जाने दें क्योंकि उन्होंने उसकी तस्वीर ले ली है। नाइक ने दावा किया कि इस पर कैब चालक गुस्सा हो गया और चिल्लाकर कहने लगा कि क्या वह उसकी तरफ से जुर्माने के 500 रुपये देंगी और ऐसा न करने पर उसने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अभिनेत्री ने कहा कि कैब चालक के इस बिहेवियर के बाद गाड़ी पुलिस स्टेशन ले जाने को कहा, लेकिन उसने बीकेसी में एक सुनसान स्थान पर गाड़ी रोक दी। अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने ‘उबर सेफ्टी हेल्पलाइन’ पर शिकायत की और जब कंपनी के अधिकारी से बातचीत हो ही रही थी तो चालक गाड़ी को तेज गति से चलाने लगा। इसके बाद अभिनेत्री ने चालक को गाड़ी रोकने के लिए कहा लेकिन उसने इस पर ध्यान नहीं दिया और किसी को फोन करने लगा। उनके मुताबिक, इसके बाद वह गाड़ी से ही मदद के लिए चिल्लाने लगीं तो एक बाइक पर सवार दो व्यक्तियों और एक ऑटो रिक्शा चालक ने कैब को रुकवाया और उनकी मदद की। बता दे कि इस मामले पर ‘उबर’ की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।