निर्माणाधीन कारखाने में दर्दनाक हादसा, दो मजदूरों की मौत, दो घायल
संवाददाता/ in24 न्यूज़।
महाराष्ट्र के पालघर जिले के एमआईडीसी इलाके में उस दौरान अफरा तफरी मच गई जब अचानक एक निर्माणाधीन कारखाने में लोहे का एक ढांचा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि इस हादसे में दो मजदूर घायल हो गए है। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि घटना पालघर औद्योगिक क्षेत्र में पूर्वाह्न करीब 11 बजे के आसपास हुई। पालघर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि लोहे का एक भारी ढांचा 'क्रेन' की मदद से लगाया जा रहा था, तभी वह मजदूरों पर गिर गया। जिसकी चपेट में आने से दो मजदूरों रामदीन निषाद उम्र 41 साल और राहुल निषाद उम्र 29 साल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अभी दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।