बंदरों और कुत्तों में गैंगवार, 250 से अधिक पिल्लों को बंदरों ने उतारा मौत के घाट
संवाददाता/ in24 न्यूज़
हम आपको एक ऐसी खबर बताने जा रहे जिसे पढ़ने के बाद आप यह अंदाजा तक नहीं लगा सकते कि जानवरों में भी बदला लेने की परंपरा होती है. जी हां, खबर है, महाराष्ट्र (maharashtra) के बीड (beed) जिले के अंतर्गत आने वाले लवूल गांव की, जहां एक ऐसी घटना हुई जिससे आम ख़ास से लेकर सरकारी महकमे के अधिकारी भी हैरान है. दरअसल बीड जिले के लवूल गांव में इन दिनों कुत्तों और बंदरों के बीच महाभारत मचा हुआ है, जिसमें बंदरों ने अब तक 250 के आसपास कुत्तों के पिल्लों को मौत के घाट उतार दिया है. बताया जा रहा है कि इस गैंगवार की शुरुआत उस समय हुई, जब पिछले महीने कुछ आवारा कुत्तों ने मिलकर एक बंदर के बच्चे को जान से मार दिया था. उसके बाद बंदरों ने बदला लेने के लिए कुत्तों के पिल्लों की जान लेनी शुरू कर दी. एक बन्दर की हत्या से बंदरों में इस कदर नाराजगी है कि ये आक्रोशित बंदर पहले कुत्तों के पिल्लों को पकड़ लेते हैं और किसी ऊँचे पेड़ पर ले जाकर उन्हें वहां से फेंक देते हैं, जिससे पिल्लों की मौत हो जाती है. बंदरों की इस आतंक से गांव वाले भी दहशत में हैं. बंदरों और कुत्तों की आपसी रंजिश की वजह से आये दिन पिल्लों की मौत होने से वे भी डरे हुए हैं. यही नहीं वन विभाग ने अपने तरीके से इस गैंगवार को रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने कुछ बंदरों को पकड़ कर उन्हें दूसरे जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है