मुख्यमंत्री के आदेश पर एक्शन में आई बीएमसी, मुंबई में एक हजार किमी सड़क की रोज होगी धुलाई
संवाददाता/in24 न्यूज़
आर्थिक राजधानी मुंबई में वायु प्रदूषण का स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है ऐसे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पिछले दिनों मुंबई में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए मुंबई की 1000 किमी सड़कों को प्रतिदिन धोने का निर्देश बीएमसी को दिया था। बीएमसी ने 1 दिसंबर से इन सड़कों को पानी से धोने की योजना बनाई है। बीएमसी के अडिशनल कमिश्नर डॉ. सुधाकर शिंदे ने बताया कि अभी मुंबई की करीब 267 किमी लंबी सड़कें प्रतिदिन पानी से धोई जा रही हैं। बीएमसी ने अभी सड़क की धुलाई के लिए 150 टैंकर भाड़े पर लिया है, जिसकी मदद से धुलाई कार्य किए जा रहे हैं। हमारी योजना सोमवार से मुंबई की 500 किमी लंबी सड़कों को धोने की है, जबकि एक दिसंबर से मुंबई की 1000 किमी लंबी सड़कें धोई जाएंगी। इतनी लंबी सड़कों की धुलाई के लिए करीब 500 टैंकर पानी की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी 24 वॉर्डों के असिस्टेंट कमिश्नर को निर्देश दिया गया है कि वे पानी की व्यवस्था करें।