Breaking News

युवाओं की क्षमता और ऊर्जा के सही उपयोग से भारत बहुत प्रगति करेगा : केजरीवाल

31 Mar, 2022 680

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अगर हम अपने युवाओं की क्षमता और ऊर्जा का सही उपयोग करते हैं, तो भारत बहुत प्रगति करेगा। दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में ‘मौन क्रांति’ हो रही है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों को नौकरी ढूंढने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनाया जा रहा है। हम लोगों ने शिक्षा के कंटेंट पर काम करना चालू किया है कि जो पढ़ा रहे हैं, क्या उससे बच्चों को नौकरी मिलेगी। बच्चों को कभी बिजनेस की दिशा में सोचने को कहा ही नहीं गया। उनकी क्षमता, ऊर्जा और इनोवेशन को कभी पंख ही नहीं दिए गए। सीएम केजरीवाल ने शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों की तरह यूनिवर्सिटी में भी बिजनेस ब्लास्टर्स प्रोग्राम शुरू किया जाए, जिससे कि 11वीं व 12वीं के बच्चे जब कॉलेज में जाएं, तो उनका आइडिया न रुके। यूनिवर्सिटी में हर बच्चे पर काम करना चाहिए कि आगे वो क्या करने जा रहा है। बिना कैरियर प्रोग्राम के एक भी बच्चा बाहर निकलना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने सारी व्यवस्था हम लोगों को तंग करने के लिए बनाई थी। इस व्यवस्था को भी बदलना पड़ेगा। अगर हम सभी मिलकर देश सुधारने में लगेंगे, तो हमारे देश को तरक्की करने से कोई नहीं रोक सकता है। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय का आज दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एलजी अनिल बैजल के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, मुख्य सचिव विजय कुमार देव, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) महेश वर्मा समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह की शुरुआत से पहले राष्ट्रगान हुआ। इसके उपरांत एलजी और सीएम अरविंद केजरीवाल समेत अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप सभी लोगों की जिंदगी का बहुत महत्वपूर्ण दिन है। जिन विद्यार्थियों को आज डिग्री मिल रही है, उन सभी को बधाई। सभी अभिभावकों को भी बधाई, जिनके बच्चों को डिग्री मिल रही है और जिनके प्रयास से आज यह संभव हो रहा है, उन सभी फैकल्टी को भी बधाई। आज का दिन सबकी जिंदगी में बड़ा महत्वपूर्ण होता है। मुझे भी याद है, जब मुझे डिग्री मिली थी। जिंदगी भर यह दिन रहता है। एक तरह से आज जिंदगी का एक फेज पूरा हुआ और हम दूसरे फेज में प्रवेश करने जा रहे हैं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि सभी विद्यार्थियों के जो भी सपने हैं, वो पूरे हों। सब लोग खूब तरक्की करें और खूब आगे बढ़ें। आप अपनी भी तरक्की करें, देश के लिए भी तरक्की करें और समाज के लिए भी तरक्की करें। बता दें कि भारत 65 फीसदी युवाओं का देश है।

अन्य खबरे