Breaking News

लॉकडाउन में मंगेतर से मिलकर फंस गए तो करनी पड़ी शादी

08 May, 2020 255

संवाददाता/in24 न्यूज़.
मंगेतर से मिलने जाने के बाद लॉकडाउन में फंसने पर एक डॉक्टर को शादी करनी पद गई. लॉकडाउन लगने की वजह से जोधपुर के रहने वाले एक डॉक्टर, अपनी मंगेतर से मिलने बीकानेर जिले में गए तो वहीं जाकर फंस गए। फिर लॉकडाउन की तारीख आगे बढ़ी तो परिवार में चिंता होने लगी कि बिना शादी के कब तक होने वाले दामाद घर में रहेंगे। लेकिन फिर 30 दिन बिना शादी के ससुराल में रहने के बाद दोनों विवाह बंधन में बंध ही गए। बता दें कि विवेक 21 मार्च को अपनी मंगेतर पूजा से मिलने बीकानेर के गंगाशहर पहुंचे थे। अगले दिन से ट्रेन की आवाजाही बंद हो गई। राजस्थान में 22 मार्च से लॉकडाउन शुरू होने के चलते वह वापस अहमदाबाद नहीं जा सके तो मजबूरन उन्हें होने वाले ससुराल में ही रुकना पड़ा। फिर जब लॉकडाउन दूसरी बार 15 अप्रैल से 3 मई तक बढ़ गया तो पूजा के पिता ने बीकानेर में गंगाशहर के जैन समाज के अध्यक्ष के आगे अपनी समस्या बताई लेकिन डॉक्टर विवेक के परिजन लॉकडाउन के चलते अहमदाबाद से यहां नहीं आ सकते थे। इस लॉकडाउन के दौरान कोर्ट मैरिज करना भी संभव नहीं था। विवेक ने सोचा कि वह कब तक ससुराल में रहेंगे, आखिरकार दोनों परिवारों की सहमति से ससुराल में 30 दिन रहने के बाद सोमवार को डॉक्टर विवेक और पूजा विवाह बंधन में बंध गए। दुल्हन के परिजनों की उपस्थिति में विवाह बंधन में बंधे। लॉकडाउन के चलते डॉक्टर विवेक के परिजन व दोस्तों ने वीडियो कॉल पर शादी देखी। फैशन डिज़ाइनर पूजा ने भी अपने सास और ससुर से वीडियो कॉल पर आशीर्वाद लिया। विवेक ने बताया कि शादी से पहले हम लोगों ने घर पर ही प्री वेडिंग शूट भी करवाया। अब जब लॉकडाउन हटेगा, तब ही पूजा अपने ससुराल जाएगी।

अन्य खबरे