Breaking News

ट्रक और वैन में लगी आग से सात जिंदा जले

17 Feb, 2020 1032

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
एक भीषण सड़क दुर्घटना में ट्रक और वैन के टकराने से लगी आग में सात लोग ज़िंदा जल गए. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे स्थित बांगरमऊ कट के पास के पास हरदोई की ओर जा रही वैन रविवार 16 फरवरी की देर रात टायर फटने के बाद बेकाबू होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि तेज धमाके के साथ वैन में आग लग गई. सीएनजी सिलेंडर लगा होने से वैन में आग तेजी से फैल गई. आग का गोला बनी वैन में सवार सात लोग जिंदा जल गए. ट्रक में भी आग लग गई तो चालक और क्लीनर उसे जलता छोड़कर भाग निकले. पुलिस की सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाडिय़ों ने आग को काबू किया तो वैन के भीतर से सात शव मिले. शवों की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिवारीजन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. गौरतलब है कि बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के बांगरमऊ कट से 100 मीटर दूर हरदोई-उन्नाव रोड पर रविवार रात एक सवारियों से भरी वैन उन्नाव से हरदोई की ओर जा रही थी. वैन की रफ्तार काफी तेज थी. सामने से भी वाहन तेज रफ्तार में आ रहे थे. इसी दौरान अचानक वैन का अगला टायर फट गया, जिससे वैन अनियंत्रित हो गई. अनियंत्रित वैन सामने से आ रहे ट्रक में भिड़ गई. टक्कर इतनी तेज थी कि वैन में आग लग गई. वैन में लगे सीएनजी गैस सिलेंडर तक आग पहुंचने पर वह आग का गोला बन गई.

अन्य खबरे