Breaking News

पक्षियों के पंख पर कल्पना को आकार देते हैं नीलेश चौहान

09 Mar, 2022 683
संवाददाता/ in24 न्यूज़
आप सभी ने कई अनोखी कलाकृतियां देखी होंगी, कलाकार भी देखे होंगे, लेकिन मुंबई के रहने वाले नीलेश चौहान के कला की एक अलग ही पहचान है. नीलेश चौहान फेदर काविंग आर्टिस्ट हैं. यानी ऐसे कलाकार, जो पक्षियों के पंख पर अपनी कला को मूर्त रूप देते हैं. नीलेश चौहान पलक झपकते ही पक्षियों के पंख पर ऐसी कलाकृति का निर्माण कर देते हैं कि देखने वाले भी हैरान हो जाते हैं. वैसे तो मुंबई के रहने वाले 42 वर्षीय नीलेश चौहान एडवरटाइजिंग एजेंसी में पिछले 20 सालों से काम कर रहे हैं, लेकिन कुदरत ने बेजान पंखो में जान भरने की अद्भुत कला से उन्हें नवाज़ा हैं. नीलेश चौहान स्कारलेट, मकाऊ, टर्की, बर्ड जैसे अफ्रीकन और ऑस्ट्रेलियन पक्षियों के बेजान पंखो पर सर्जिकल ब्लेड के जरिए कई तरीके की अनोखी कलकृतियां उकेरते हैं. नीलेश चौहान ने पक्षियों के पंखों में भगवान शंकर, गौतम बुद्ध, छत्रपति शिवाजी महाराज, बाला साहेब ठाकरे, सचिन तेंदुलकर, समेत कई हस्तियों की कलाकृतियां बनाई हैं.
सिर्फ 10वीं तक ही पढ़ाई करने वाले नीलेश ने इन अद्भुत कलाकृतियां को बनाने की शुरुआत साल 2017 में की थी. दरअसल नीलेश की बहन ने साल 2017 में अमेरिका से इस तरह की बनाई गई कलाकृतियां भेजी थी, जो उनके दिल में इस कदर बस गयी कि उन्होंने इसे अपना पैशन बना लिया।
अब तक करीब एक हजार से अधिक पंखो में कलाकृतियां उकेर कर उनमे जान भरने वाले नीलेश बताते हैं कि जब उन्होंने अपने हाथ में पहली बार सर्जिकल ब्लेड थामा था, तब उन्हें ये नहीं पता था कि लोग इसे इस कदर पसंद करेंगे. नीलेश के मुताबिक सबसे मुश्किल काम है ऑस्ट्रेलियन और अफ्रीकन पक्षियों के पंखो को हासिल करना, लेकिन वे अपने परिचितों के माध्यम से उसे हासिल कर लेते है. नीलेश की यदि मानें तो भारतीय पक्षियों के पंख का इस्तेमाल करना अपराध है, इसीलिए वे अमूमन विदेशी पक्षियों के पंख का ही इस्तेमाल करते है. उन्होंने अपील की है कि यदि कोई इस तरह का आर्ट सीखता है तो वह भारतीय पक्षियों का इस्तेमाल ना करें. आपको बता दें कि पंखो पर इस तरह की कृतियां बनाने वाले नीलेश एकलौते भारतीय है.

अन्य खबरे