Breaking News

महाराष्ट्र में लॉकडाउन का पांचवां चरण 30 जून तक

01 Jun, 2020 1002

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण लॉकडाउन के पांचवे चरण को बढ़ाकर 30 जून तक के लिए लागू कर दिया है। नए दिशानिर्देशों के मुताबिक कंटेनमेंट जोन में पूरे महीने सख्ती जारी रहेगी जबकि अन्य इलाकों में समय के साथ धीरे-धीरे छूट दी जाएगी। देश में कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट महाराष्ट्र में भी केंद्र के ऐलान के बाद महाराष्ट्र में लॉकडाउन को 30 जून तक जारी रखने की घोषणा की गई है। महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने लॉकडाउन के ऐलान के साथ नई गाइडलाइंस भी जारी कर दी है। महाराष्ट्र सरकार ने भी केंद्र की तरह तीन चरणों में रियायत देने का फैसला किया है। उद्धव सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक आवश्यक गतिविधियों को छोड़कर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे के बीच लोगों की आवाजाही पर सख्ती से प्रतिबंध रहेगा। केंद्र के अनलॉक चरण 1 के साथ ही राज्य में भी समुद्र तटों, खेल के मैदानों, उद्यानों और खुले सार्वजनिक स्थानों पर सुबह 5 बजे से शाम 7 बजे के बीच व्यक्तिगत शारीरिक अभ्यास की अनुमति होगी। इसके अलावा 8 जून से सभी निजी कार्यालय आवश्यकता के अनुसार 10 फीसदी तक अटेंडेंस के साथ काम कर सकते हैं, शेष व्यक्ति घर से काम कर सकते हैं। महाराष्ट्र तथा तमिलनाडु जैसे राज्यों और पूर्वोत्तर में शामिल कुछ राज्यों ने लॉकडाउन के चौथे चरण की समाप्ति के बाद अंतरराज्यीय यात्रा पर प्रतिबंध जारी रखने का रविवार को फैसला किया। महाराष्ट्र और तमिलनाडु में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या सबसे अधिक है।

अन्य खबरे