सावन में दो महीने बंद रहेंगे महाकालेश्वर के द्वार
सावन के दो महीने उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की एंट्री बंद रहेगी. महाकाल मंदिर समिति की बैठक में ये फैसला लिया गया है. महाकालेश्वर के गर्भगृह में 2 महीने तक श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इस दौरान कांवड़ियों और वीआईपी भी गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर पाएंगे. वहीं दूसरी ओर काशी विश्वनाथ की तर्ज पर महाकालेश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों के दर्शन के लिए कोई शुल्क की बढ़ोतरी नहीं की गई है. आम दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिए गए हैं. दरअसल, विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में लगातार भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है. वहीं महाकाल लोक बनने के बाद प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचते हैं. ऐसे में सावन के दौरान श्रद्धालुओं के प्रवेश को बंद रखने का फैसला लिया गया है. समिति के अध्यक्ष कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम ने बताया कि बैठक में फैसला लिया गया है कि सावन में आम दर्शनार्थियों को सुविधा जनक दर्शन बाबा महाकाल के हो, इसलिए कार्तिक मंडपम और गणेश मंडप सहित अन्य बैरिकेडिंग से दर्शन कराए जाएंगे, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले दर्शनार्थी जल्द से जल्द भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर सकें. वहीं दूसरी और कावड़ियां और वीआईपी भी गर्भगृह में इस दौरान नहीं जा सकेंगे.