Breaking News

... तो ऐसे छात्रों को रेलवे में नहीं मिलेगी नौकरी

26 Jan, 2022 618

संवाददाता/ in24 न्यूज़  

अगर कोई छात्र रेल संपत्‍त‍ि को नुकसान पहुंचाता है तो उसे रेलवे में आजीवन नौकरी नहीं मिलेगी. भारतीय रेल ने घोषणा की है कि गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले आकांक्षी उम्मीदवारों को रेलवे की नौकरी प्राप्त करने से आजीवन रोक का सामना करना पड़ सकता है.  

दरअसल भारतीय रेलवे भर्ती बोर्ड (Indian Railway Recruitment Board) की तरफ से एनीटीपीसी (NTPC) और ग्रुप डी की बड़ी भर्तियां की जा रही हैं. रेलवे ग्रुप डी भर्ती में जहां दो सीबीटी एग्जाम (CBT Exam) लागू करने को लेकर अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं, एनटीपीसी के अभ्यर्थी सीबीटी-1 रिजल्ट से नाखुश हैं. इसको लेकर अभ्यर्थी पटना समेत कई जगहों पर आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों ने बिहार के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर और यूपी के प्रयागराज स्टेशन बड़ी संख्या में पहुंच रेलवे बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन किया, साथ ही रेलवे संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। जिसके बाद रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को चेतावनी दी है।

 

रेल मंत्रालय ने कहा है कि, रेलवे के संज्ञान में यह बात आई है कि रेलवे की नौकरी के आकांक्षी उम्मीदवार बर्बर/गैरकानूनी गतिविधियों जैसे कि रेल की पटरी पर विरोध प्रदर्शन, ट्रेन संचालन में व्यवधान उत्पन्न करने और रेल की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने आदि गतिविधियों में शामिल हैं. इस तरह की गुमराह करने वाली गतिविधियां अनुशासनहीनता का उच्चतम स्तर है. यह ऐसे उम्मीदवारों को रेल/सरकारी नौकरी के लिए अनुपयुक्त बनाती हैं. इस तरह की गतिविधियों से संबंधित वीडियो की विशेष एजेंसियों की सहायता से जांच की जाएगी. इसके बाद इन गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्हें रेलवे की नौकरी प्राप्त करने के संबंध में आजीवन प्रतिबंधित भी किया जा सकता है.

 

इस नोटिस में आगे कहा गया है कि, रेल भर्ती बोर्ड (RRB) सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. रेलवे की नौकरी के आकांक्षी/उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे गुमराह न हों या ऐसे तत्वों के प्रभाव में न आएं, जो अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए उनका इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं.

अन्य खबरे