अब रेलवे देगी बिना पैसे के कन्फर्म टिकट
संवाददाता/in24 न्यूज़.
रेलवे अपने यात्रियों के लिए एक अनोखा तोहफा लाइ है. अक्सर हमें यात्रा के लिए रिजर्वेशन कराने के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. रेलवे ने टिकट बुकिंग में बड़ी राहत देने का ऐलान किया है. यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए आईआरसीटीसी ने एक सर्विस लांच की है जिससे आप बिना पैसे के भी कन्फर्म टिकट बुकिंग कर सकते हैं. बिना पैसे के टिकट बुकिंग करने के लिए आईआरसीटीसी पर रजिस्टर्ड अकाउंट होना जरूरी है. इस सर्विस के लिए आईआरसीटीसी ने निजी एजेंसी ई-पे लेटर के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया है. इसके तहत आप टिकट बुकिंग के 14 दिन बाद पैसे का भुगतान कर सकते हैं. इस ऑफर के तहत यूज़र के आईआरसीटीसी अकाउंट पर क्रेडिट लिमिट मिलेगी. क्रेडिट लिमिट का बैलेंस यूजर के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. ऑनलाइन टिकट उतने ही पैसे का बुक कर पाएंगे जितना अमाउंट आपकी क्रेडिट लिमिट में बैलेंस होगा. अगर यूजर 14 दिन से पहले टिकट के पैसे की पेमेंट कर देते हैं तो लिमिट धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी. जबकि निर्धारित समय पर भुगतान नहीं करने वालों की क्रेडिट लिमिट कम की जा सकती है. यदि आप ई पे लेटर के माध्यम से टिकट बुकिंग कराते हैं तो आपको 3.5 फीसदी का अतिरिक्त सर्विस चार्ज देना होगा. 14 दिन में टिकट का भुगतान नहीं करने पर यूजर को ब्याज देना होगा. टिकट बुकिंग के लिए सबसे पहले आईआरसीटीसी के रजिस्टर्ड अकाउंट पर लॉगइन करें. ट्रेन और यात्री का डिटेल दर्ज करने के बाद पेमेंट डिटेल के पेज पर जाएं. यहां पर आपको क्रेडिट-डेबिट कार्ड, बैंकिंग से पेमेंट करने का विकल्प मिलेगा. इसके साथ ही आपको ई पे लेटर का भी ऑप्शन दिखाई देगा. यहां पर आप टिकट के पैसों के भुगतान के लिए ई पे लेटर का ऑप्शन चुन लें आपको उस समय एक रूपये का भी पेमेंट नहीं करना है. बुक किया गया टिकट 24 घंटे के अंदर आपके एड्रेस पर डिलीवर हो जाएगा.