अमित शाह गए जम्मू-कश्मीर के शहीद पुलिसकर्मी के घर और शहीद की पत्नी को दी नौकरी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अपने तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर के दौरे पर गए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य पुलिस के शहीद निरीक्षक परवेज अहमद के घर जाकर आज उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी फातिमा अख्तर को सरकारी नौकरी देने की औपचारिकता पूरी की। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हिंसा की बढ़ती घटनाओं के बीच अमित शाह तीन दिन की यात्रा पर शनिवार सुबह श्रीनगर पहुंचे। अमित शाह ने शहीद के परिवार से मुलाकात के बाद ट्वीट किया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीद जवान परवेज अहमद डार के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुझे और पूरे देश को उनकी बहादुरी पर गर्व है। उनके परिजनों से भेंट की और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी। मोदी जी ने जो नये जम्मू कश्मीर की कल्पना की है, उसको साकार करने के लिए जम्मू- कश्मीर पुलिस पूरी तन्मयता से प्रयासरत है। मौसम की परवाह न करते हुए अमित शाह श्रीनगर के नौगाम इलाके में स्थित शहीद के घर उपराज्यपाल मनोह सिन्हा, केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह, डीजीपी दिलबाग सिंह के साथ पहुंचे थे। शाह ने कहा कि इंस्पेक्टर परवेज ने देश के लिए अपनी जान दी है। उनके परिवार की चिंता अब हमारी जिम्मेदारी है। आपको बता दें कि इंस्पेक्टर परवेज की गत जून 2021 को आतंकियों ने उस समय हत्या की थी जब वह नमाज पढ़ने के लिए जा रहे थे। बता दें कि अमित शाह के दौरे के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।