आज बंद रहा महाराष्ट्र
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी द्वारा आयोजित राज्यव्यापी बंद रखा गया। ये बंद उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों को कार से कुचने जाने की घटना के विरोध में किया गया है। इस बंद के लिए एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना के सत्तारूढ़ गठबंधन ने आह्वान किया था। बंद का महाराष्ट्र में असर देखने को मिला। सुबह सार्वजानिक बसों की कमी रही और एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने दुकानों को जबरन बंद करवाया। सब्जी बाजार पर बंद का असर देखने को मिला। इस बंद में पुणे कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) को बंद रखा गया। छत्रपति शिवाजी मार्केट यार्ड ट्रेडर्स एसोसिएशन पहले ही घोषणा कर चुकी है कि आज सभी फल, सब्जी, प्याज, आलू बाजार बंद रहेंगे। व्यापारी संघ ने भी सभी सदस्यों से आज अपना व्यापार बंद रखने की अपील की है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे आज को अपनी कृषि उपज मंडी में न लाएं.वहीं, शिवसेना नेताओं ने अपील की है कि महाराष्ट्र बंद के दौरान अस्पताल, एम्बुलेंस, चिकित्सा कहानियों, दूध की आपूर्ति जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए कोई समस्या नहीं हो, इन्हें न रोका जाए। महाविकास अघाड़ी ने महाराष्ट्र के लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की है। शिवसेना नेताओं ने कहा कि लोग अपनी-अपनी दुकानें, प्रतिष्ठान बंद रखकर किसानों का समर्थन करें। शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के विरोध में आज 11 अक्टूबर को महाराष्ट्र में बंद में पूरी ताकत से भाग लेगी। राउत ने कहा कि इस लड़ाई में किसान अकेले नहीं हैं और उनके साथ एकजुटता दिखाने की प्रक्रिया महाराष्ट्र से शुरू होनी चाहिए। शिवसेना नेता ने कहा कि उन्होंने राकांपा प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ विपक्ष की एक संयुक्त रणनीति की आवश्यकता पर चर्चा की। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में तीन अक्टूबर को चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। बीजेपी के कार्यकर्ताओं को ले जा रहे वाहनों से कथित तौर पर कुचले जाने से चार किसानों की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने इन वाहनों में सवार कुछ लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोप केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा पर है। सियासी बवाल के बाद आशीष मिश्रा को यूपी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं महाराष्ट्र में नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने इस बंद का विरोध किया है और सरकार पर पुलिस और प्रशासन के दुरुपयोग की बात की है। बहरहाल, शाम से पहले ही बंद का असर खत्म होने लगा और फिर धीरे-धीरे माहौल सामान्य होने की तरफ बढ़ने लगा है। बता दें कि नागपुर समेत कई अन्य स्थानों पर छिटपुट हिंसक गतिविधियां भी देखी गईं।