आज से कुछ नियम के साथ देशभर में खुलेंगी सभी दुकानें
संवाददाता/in24 न्यूज़।
लॉकडाउन के बीच केंद्र और रमज़ान के पहले दिन से सरकार ने लोगों को बड़ी राहत देते हुए शुक्रवार को एक अहम फैसला लिया है। गृह मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, देशभर में आज से सभी दुकानें खुल सकेंगी। अभी तक सिर्फ जरूरी सामानों की दुकानें ही खुलती थीं, लेकिन अब गैर जरूरी सामानों की दुकानें भी खुलेंगे। इस दौरान दुकानदारों को कई शर्तों का पालन करना होगा। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि निगम क्षेत्रों से बाहर वाले इलाके में स्थित बाजार परिसरों की दुकानों को खोलने की इजाजत दी गई है, लेकिन इन दुकानों में सिर्फ 50 फीसदी ही कर्मचारी काम करेंगे और मास्क पहनने से लेकर सामाजिक दूरी समेत सभी तय दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। हालांकि, इस मॉल वाली दुकानें शामिल नहीं हैं। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने एक आदेश में कहा कि नगर निगमों के दायरे और उसके पड़ोस में स्थित सभी दुकानों को बंद के दौरान खोले जाने की अनुमति होगी। हालांकि, नगर निगम के दायरे में स्थित बाजार वाले स्थानों की दुकानें तीन मई तक बंद रहेंगी। यह छूट संक्रमण के अति प्रभावित इलाकों में नहीं दी गई है। बता दें कि कोरोना वायरस के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 मार्च से देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी, जिसे 14 अप्रैल के बाद बढ़ाकर 3 मई तक कर दिया गया था। इस दौरान देशभर में गैर जरुरी दुकानें पूरी तरह बंद थी, जबकि आवश्यक सेवाओं वाली दुकानों को ही छूट दी गई थी। लॉकडाउन की वजह से सभी तरह के प्रतिष्ठान बंद कर दिए गए थे, सिर्फ जरूरी सामान जैसे सब्जी, फल, दवाई और किराना की दुकानों को ही खोलने की इजाजत दी गई थी। केंद्र सरकार के इस फैसले से देश में रुक चुकी आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और छोटे दुकानदारों को भी बड़ी राहत मिलेगी।