एक मई को मनाया जाता है, अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस और महाराष्ट्र दिवस
01 May, 2023
911
संजय मिश्रा/in24 न्यूज़/मुंबई
देश में हर साल एक मई के दिन अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया जाता है, वहीं पूरा महाराष्ट्र एक मई को महाराष्ट्र दिवस मनाता है. गौर करने वाली बात ये है कि भारत के दो राज्य महाराष्ट्र और गुजरात 1 मई को अपना स्थापना दिवस मनाते हैं. दरअसल भारत की आजादी के समय दोनों राज्य बॉम्बे प्रदेश का हिस्सा थे. आज के ही दिन भारत के अलग महाराष्ट्र राज्य की स्थापना हुई थी. दरअसल मराठी और गुजराती भाषी लोग अपने लिए अलग-अलग राज्य की मांग कर रहे थे. इसके लिए राज्यभर में आंदोलन भी हो रहे थे. राज्यों के पुनर्गठन अधिनियम 1956 के तहत कई राज्यों का गठन किया गया था. इस अधिनियम के तहत कन्नड़ भाषी लोगों के लिए कर्नाटक राज्य बनाया गया, जबकि तेलुगु बोलने वालों को आंध्र प्रदेश मिला. मलयालम और तमिल भाषियों के लिए केरल और तमिलनाडु राज्य बना, हालांकि मराठी और गुजरातियों के लिए अलग राज्य नहीं मिला था, जिसको लेकर बड़े पैमाने पर आंदोलन हुआ, जिसमें कई लोगों की जाने भी चली गई. महाराष्ट्र में रहने वालों को महाराष्ट्र दिवस के पीछे की असली कहानी जाननी बेहद जरुरी है. आपको बता दें कि 1 मई 1960 दिन था, जब भारत की तत्कालीन नेहरू सरकार ने बॉम्बे प्रदेश को बॉम्बे पुनर्गठन अधिनियम 1960 के तहत दो राज्यों में बांट दिया, जिसमें एक था महाराष्ट्र और दूसरा था गुजरात ! दोनों राज्यों में बॉम्बे को लेकर भी विवाद हुआ था. उस दौरान मराठी भाषियों का कहना था कि बॉम्बे उन्हें मिलना चाहिए क्योंकि वहां पर ज्यादातर लोग मराठी बोलते हैं, जबकि गुजरातियों का मानना था कि बॉम्बे उनकी बदौलत था. आखिरकार बॉम्बे को महाराष्ट्र की राजधानी बनाया गया. देश भर के राज्य अब 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' पहल के तहत एक-दूसरे का स्थापना दिवस मनाएंगे. इस दौरान राजभवनों में कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. सूत्रों के हवाले से सामने आयी है उसके अनुसार एक मई को देश भर के राजभवनों में महाराष्ट्र और गुजरात का स्थापना दिवस मनाया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक बीस राज्यों और सभी आठ केंद्र शासित प्रदेशों ने अब तक अपने संबंधित राजभवन और राज निवास में सोमवार को महाराष्ट्र और गुजरात राज्य दिवस मनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की पुष्टि की है. वहीं एक मई यानी महाराष्ट्र दिवस के मौके पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया और बीएसई के सभी कामकाज आज के दिन बंद रहेंगे. फॉरेक्स कमोडिटी फ्यूचर मार्केट में भी कोई ट्रेडिंग गतिविधियां नहीं होगी.