Breaking News

काबुल से भारत आए 78 लोगों में से 16 कोरोना संक्रमित

25 Aug, 2021 658

संवाददाता/in24 न्यूज़
संकटग्रस्त अफगानिस्तान से भारतीय एवं अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मंगलवार को काबुल से 78 लोग भारत आए लेकिन इनमें से 16 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें वे तीन ग्रंथी भी शामिल हैं जो काबुल से पवित्र गुरुग्रंथ साहिब लेकर आए। इन ग्रंथियों के संपर्क में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी आए थे। पुरी एयरपोर्ट से पवित्र ग्रंथ को अपने सिर पर रखकर बाहर निकले। हालांकि, सभी लोगों में कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए हैं। कोरोना के संक्रमण पर रोक लगाने के लिए सरकार उपाय कर रही है। देश में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है। ऐसे में थोड़ी सी भी लापरवाही महामारी को नए सिरे से फैला सकती है। ऐसे में जरूरी है कि काबुल से भारत पहुंच रहे लोगों की कोरोना जांच गंभीरता से की जाए क्योंकि थोड़ी सी चूक या लापरवाही परेशानी का सबब बन सकती है। भारत सरकार काबुल से भारतीय लोगों और अन्य देशों के नागरिकों को निकाल रही है। अभी तक काबुल से 800 से ज्यादा लोगों को निकाला जा चुका है। इसमें दूसरे देश के नागरिक भी शामिल हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत के इस रेस्क्यू मिशन को ऑपरेशन देवी शक्ति नाम दिया है। मंगलवार को एयर इंडिया के विशेष विमान से ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे के रास्ते 78 लोग दिल्ली पहुंचे। इसमें 25 भारतीय नागरिक शामिल थे। गत सोमवार को भारत ने 75 सिख नागरिकों को अफगानिस्तान से निकाला। बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान में अभी भी करीब 200 अफगान सिख और हिंदू फंसे हुए हैं।

अन्य खबरे