Breaking News

कोरोना से रद्द हो सकती है पीएम मोदी की पुर्तगाल और फ्रांस यात्रा

20 Apr, 2021 854

संवाददाता/in24 न्यूज़.
विश्वव्यापी महामारी कोरोना का खतरा इतना बढ़ गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने विदेश दौरे तक को रद्द करने की नौबत आ गई है. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मई में पुर्तगाल और फ्रांस की यात्रा करने की संभावना नहीं है क्योंकि भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि हुई है. पीएम मोदी को 8 मई को भारत-यूरोपीय संघ के नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए पुर्तगाल की यात्रा और उसके बाद फ्रांस की द्विपक्षीय यात्रा करनी थी. अब दोनों वर्चुअल फॉर्मेट में हो सकते हैं. 8 मई के शिखर सम्मेलन में भारत-यूरोपीय संघ के व्यापार और निवेश के मोर्चे पर कुछ घोषणाएं होने की उम्मीद थी, जहां दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार और निवेश समझौते पर बातचीत कर रहे हैं. देश में कोरोना संक्रमण बढ़ोतरी के बाद यूके ने सोमवार को प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की यात्रा को रद्द कर दिया. स्थानीय मीडिया ने सोमवार को बताया कि ब्रिटेन ने कोरोना मामलों की बढ़ती संख्या के कारण भारत से यात्रा पर प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है. खबर के मुताबिक़ भारत से ब्रिटेन की यात्रा को गैर-ब्रिटेन और आयरिश नागरिकों के लिए शुक्रवार सुबह 4 बजे से प्रतिबंधित किया जा रहा है. स्वास्थ्य सचिव मैट हैनकॉक ने घोषणा की कि यह महत्वपूर्ण लेकिन मुश्किल निर्णय भारत में कोरोना  संक्रमण के कारण किया गया है. भारत के यात्रियों को ब्रिटेन में प्रवेश से तब तक मना कर दिया जाएगा हालांकि ब्रिटिश नागरिक यात्रा कर सकते हैं, जिन्हे क्वारंटीन से गुजरना होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वैक्सीन निर्माताओं के साथ बैठक करेंगे. भारत के कोरोना मामलों ने 18 अप्रैल को 1.5 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. रविवार तक देश में अब तक कुल 1,50,58,019 मामले और 1,78,793 मौतें हुई थी. इस दौरान देश में 2,75,196 नए कोरोना मामले दर्ज किए. 18 अप्रैल को सबसे अधिक सिंगल डे मामले सामने आये हैं. रविवार को मौतों का आंकड़ा 1,620 रहा. आंकड़ों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लद्दाख के मामले और मौतें शामिल नहीं हैं. बता दें कि इस बार कोरोना की वापसी ने कोहराम मचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है. 

अन्य खबरे