Breaking News

गर्मी ने लगाई देश के 23 राज्यों के जंगलों में आग

14 Mar, 2023 944

संवाददाता/in24 न्यूज़।
दुनियाभर के जंगलों (forests) के लिए गर्मी का मौसम (summer season) बेहद घातक होता है। भारत में भी गर्मियों के दिनों में जंगलों में आग लगने की अनेक घटनाएं सामने आने लगती हैं। मार्च का आधा महीना समाप्त होने को है और गर्मी की शुरुआत भी हो चुकी है। इसी बीच देशभर के 23 राज्यों में जंगलों में आग लगने की खबर मिल रही है। जब गर्मी की शुरुआत में ये आलम है तो मई और जून में इन सुलगते जंगलों में क्या होगा! इसपर चिंता जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 1901 के बाद ये छठा मौका है जब फरवरी के महीने में सबसे कम बारिश हुई है। मध्य भारत में फरवरी महीने में बारिश में 99 फीसदी कमी आई है। वहीं उत्तर-पश्चिम में 76 और दक्षिणी प्रायद्वीप में 54 फीसदी कम बारिश हुई है। इसके अलावा पूर्व और उत्तर-पूर्व में फरवरी के महीने में 35 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं फरवरी के महीने में औसत उच्चतम तापमान 29.66 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यदि बात करें मार्च के महीने की तो 13 मार्च तक पूरे देश में बारिश में 77 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। हालांकि ये फरवरी से कम है, लेकिन 13 मार्च को ही देशभर के जंगलों आग लगने की 772 बड़ी घटनाएं हुई हैं। FSI की रिपोर्ट के मुताबिक, पतझड़ के मौसम में इस बार हर बार की तुलना में तापमान ज्यादा रहा है। इससे पहले फरवरी में बारिश का न होना और सूखी जमीन और गर्मी के चलते जंगल जलने लगे हैं। बता दें कि  इनदिनों देश के 23 राज्यों के जंगलों में आग लगी हुई है। FSI के मुताबिक, सबसे ज्यादा आग ओडिशा में लगी है, जहां  202 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुई है। वहीं मिजोरम में ये संख्या 110 है जबकि छत्तीसगढ़ में 61, मेघालय में 59, मणिपुर में 52, आंध्र प्रदेश में 48, असम में 43, तेलंगाना में 33, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में 27-27 आग लगने की घटनाएं हुई हैं। वहीं नगालैंड और झारखंड में 23-23, कर्नाटक में 20, अरुणाचल प्रदेश में 13, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में 8-8, केरल में 6, बिहार में 4, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात और सिक्किम में जंगल की आग की एक एक घटनाएं हुई हैंयानि गर्मी की वजह से जंगलों का लगातार नुकसान हो रहा है।  

अन्य खबरे