गढ़चिरौली में दो नक्सली ढेर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जहां दुनिया कोरोना संकट से जूझ रही है, वहीं नक्सलियों की गतिविधियां भी बनी हुई हैं। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमावर्ती गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली इलाके के जंगल में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर के दौरान दो नक्सलियों को ढेर किया। वहीं अभी जंगल में रूक-रूक कर फायरिंग हो रही है। यह जानकारी गढ़चिरौली के एसपी अंकित गोयल ने दी है। बता दें कि महाराष्ट्र का गढ़चिरौली एक नक्सल प्रभावित जिला है। जानकारी के अनुसार बैकअप पार्टी मौके के लिए रवाना हुई है। बताया जा रहा है कि सी-60 कमांडो और नक्सलियों के बीच जांबिया गट्टा इलाके में मुठभेड़ जारी है। गौरतलब है कि गट्टा पुलिस थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। 8 दिन पहले इसी थाने पर नक्सलियों ने हमला किया था, वहीं आज मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को जवाब दिया है। इससे पहले सोमवार को गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया था। परमिली इलाके में सोमवार को नक्सलियों ने अचानक चार ट्रैक्टर और दो टैंकरों में आग लगा दी, जिससे लाखों को नुकसान हुआ। बता दें कि सुरक्षाबलों ने लगातार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी है।