जम्मू-कश्मीर में लश्कर के दो आतंकी ढेर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के सफाए के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है. शोपियां जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच एक और मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने लश्कर के दो आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया. ये एनकाउंटर मंगलवार देर रात हुआ. इस बारे में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी है. कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि मारे गए दोनों आतंकी लश्कर से जुड़े हुए थे और इनकी पहचान की जा रही है. उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन को जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना के साझा ऑपरेशन तहत अंजाम दिया गया. कश्मीर पुलिस के एक अन्य में कहा गया कि एक आतंकी की पहचान शोपियां के जान मोहम्मद के तौर पर की गई है. वह अन्य आतंकी वारदातों के अलावा 2 जून के कुलगाम में बैंक मैनेजर की हत्या में भी शामिल था. बता दें कि कश्मीर में हाल में टारगेट किलिंग के दौरान एक बैंक मैनेजर की बैंक में घुसकर हत्या कर दी गई थी. बैंक मैनेजर विजय कुमार राजस्थान के हनुमानगढ़ का रहना वाला था. कश्मीर में कुलगाम में ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद आतंकियों ने 2 जून को उन्हें गोली मार दी थी. वहां पर लगे कैमरे में देखा गया कि एक आतंकी बैंक के अंदर घुसकर बैंक मैनेजर को गोली मारी थी. शोपियां एनकाउंटर में मारा गया एक आतंकी बैंक मैनेजर की हत्या में शामिल था और वह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था. बता दे कि हाल के दिनों में कश्मीर में टारगेट किलिंग की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. जिसमें आतंकी कश्मीर पंडितों समेत सरकारी कर्मचारियों को अपना निशाना बना रहे हैं लेकिन घाटी में तैनात सुरक्षा बल आए दिन आतंकियों को मौत के घाट उतार रहे हैं. इस साल अभी तक कश्मीर में सुरक्षा बलों ने 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया है. जिसमें 30 से ज्यादा आतंकी पाकिस्तान के रहने वाले थे. बहरहाल, सुरक्षा बल के जवानों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है.