Breaking News

जम्मू-कश्मीर सीमा पर सुरक्षा बल ने पाकिस्तानी सुरंग की साजिश की नाकाम

05 May, 2022 711

संवाददाता/in24 न्यूज़.  

पाकिस्तानी साजिश का एक बड़ा खुलासा सामने आया है. जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल ने एक पाकिस्तानी साजिश को नाकाम कर दिया है. दरअसल, जम्मू-कश्मीर सीमा से लगे सांबा बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल ने एक सुरंग का पता लगाया है. बीएसएफ के जवानों को बुधवार देर शाम इस सुरंग के बारे में जानकारी मिली. लेकिन अंधेरा होने की वजह से काम को रोकना पड़ा. अब बीएसएफ को इस बात का शक है कि इस सुरंग का इस्तेमाल पाकिस्तान से मादक पदार्थों की तस्करी आदि के लिए किया जाता रहा होगा. गुरुवार को इस सुरंग की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा. गौरतलब है कि 15 दिन पहले ही बीएसएफ के जवानों ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो आत्मघाती हमलावरों को मार गिराया था, जो पाकिस्तान से भारत की सीमा में घुसपैठ कर रहे थे. बीएसएफ (जम्मू) के उप महानिरीक्षक एस पी एस संधू ने बताया कि सांबा में बाड़ के पास एक सामान्य क्षेत्र में एक छोटी सी जगह को एक संदिग्ध सुरंग माना जा रहा था. बता दें कि संधू बल के जनसंपर्क अधिकारी हैं उन्होंने संदिग्ध सुरंग की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि अंधेरे के कारण आगे की खोज नहीं की जा सकी. सुबह रोशनी में विस्तृत खोज की जाएगी. हालांकि, बीएसएफ के सूत्रों ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे चक फकीरा के सीमा चौकी इलाके में सुरंग रोधी अभियान के दौरान जवानों ने संदिग्ध सुरंग का पता लगाया. एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि आईबी से 150 मीटर की दूरी पर और सीमा की बाड़ से 50 मीटर की दूरी पर एक नई खोदी गई सुरंग का पता पाकिस्तानी चौकी चमन खुर्द (फियाज) के सामने लगाया गया, जो भारत की ओर से 900 मीटर की दूरी पर है. उन्होंने कहा कि, इसकी शुरुआत सीमा चौकी चक फकीरा से लगभग 300 मीटर और अंतिम भारतीय गांव से 700 मीटर की दूरी पर है. बता दें कि इस सुरंग का पता लगाने के लिए 22 अप्रैल की मुठभेड़ के बाद से ही कोशिश की जा रही थी. गौरतलब है कि बीएसएफ ने जम्मू के सुंजवां इलाके में 22 अप्रैल को हुई मुठभेड़ के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ किसी भी सुरंग का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है. जब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों को ले जा रही एक बस पर हमला करने के बाद आत्मघाती जैकेट पहने भारी हथियारों से लैस जैश-ए-मोहम्मद को दो आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया. हालांकि, इस एनकाउंटर में सीआईएसएफ का एक सहायक उप निरीक्षक शहीद हो गए थे. साथ ही दो पुलिसकर्मियों समेत नौ सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए थे. बता दें कि पाकिस्तान द्वारा लगातार सीमा पर उत्पात मचाने की कोशिश जारी रहती है।

अन्य खबरे