Breaking News

तीन दिवसीय मॉरीशस दौरे पर रवाना हुईं राष्ट्रपति मुर्मु

11 Mar, 2024 179

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
अपने मित्र देश मॉरीशस की दिवसीय यात्रा के लिए महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज रवाना हुई हैं। वह कल मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस समारोह में भारतीय नौसेना का एक दल भी हिस्सा लेगा, जिसमें भारतीय नौसेना के पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन पोत- आईएनएस तीर और सीजीएस सारथी शामिल होंगे। राष्ट्रपति यात्रा के दौरान मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रोपुन और प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगनाथ के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। वे मॉरीशस नेशनल असेंबली के अध्यक्ष, मॉरीशस सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तथा कई अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 मार्च को मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने के लिए 11 से 13 मार्च तक द्वीप राष्ट्र का दौरा करेंगी। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय नौसेना की एक टुकड़ी अपने दो युद्धपोतों के साथ समारोह में हिस्सा लेगी। टुकड़ी में भारतीय नौसेना के पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन आईएनएस तीर और सीजीएस सारथी शामिल है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मू और जगन्नाथ संयुक्त रूप से भारत से सहायता प्राप्त 14 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। ये परियोजनाएं नई दिल्ली की मॉरीशस के साथ विकास साझेदारी के विस्तार और बहुआयामी प्रकृति को प्रदर्शित करेंगी, जो द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौतों के आदान-प्रदान, संस्थागत सहयोग और क्षमता निर्माण सहयोग को मजबूत बनाने के प्रयास की भी गवाह बनेंगीं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मुर्मू, वर्ष 2000 के बाद से मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाली छठीं भारतीय राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति का यह दौरा भारत और मॉरीशस के बीच दीर्घकालिक व स्थायी संबंधों को रेखांकित करता है। बता दें कि मॉरीशस के साथ भारत के मधुर रिश्ते रहे हैं।

अन्य खबरे