देश का पहला शांत स्टेशन है डॉ एमजीआर रामचंद्रन सेंट्रल रेलवे स्टेशन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत में एक ऐसा भी रेलवे स्टेशन है जहां कोई शोर-शराबा नहीं है। ये स्टेशन चेन्नई (Chennai) में है जो 150 साल पुराना है। इस स्टेशन का नाम डॉ. एमजीआर रामचंद्रन सेंट्रल रेलवे स्टेशन (Dr MGR Ramachandran Central Railway Station) है। रविवार से स्टेशन में सार्वजनिक घोषणा प्रणाली (public announcement system) बंद कर दी गई, जो दशकों से यात्रियों को उनकी ट्रेनों के बारे में जानकारी देने का काम करती थी। हवाई अड्डों की तरह रेलवे स्टेशन पर अधिक पूछताछ बूथों और डिस्प्ले बोर्ड का सहारा लिया गया है। दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक आर एन सिंह द्वारा जारी किए गए बदलाव की घोषणा के आदेश में अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था कि सभी विज़ुअल डिस्प्ले बोर्ड काम करने की स्थिति में हों और यात्रियों की सुविधा के लिए पूछताछ बूथों पर पर्याप्त कर्मचारी तैनात किए जाएं। तमिल, हिंदी और अंग्रेजी में ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान दिखाने वाली बड़ी डिजिटल स्क्रीन स्टेशन के सभी तीन एंट्री प्वाइंट पर लगाई गई है। कॉन्कोर्स एरिया को भी 40-60 इंच के डिजिटल बोर्ड से कवर किया गया है। चेन्नई रेलवे डिवीजन के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि विज्ञापनों में कोई ऑडियो भी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों द्वारा संचालित यात्री सूचना केंद्र यात्रियों की मदद करेंगे। यहां रोज 200 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। बता दें कि चेन्नई का डॉ. एमजीआर रामचंद्रन सेंट्रल रेलवे स्टेशन भारत का ऐसा पहला स्टेशन भी बन गया है।