देश में दूसरे दिन भी कोरोना के मामले नौ हज़ार के पार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना का कहर दिन बी दिन बढ़ता ही जा रहा है. भारत में लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस के 9,000 से अधिक मामले सामने आये हैं. गुरुवार को 9,851 लोग पॉजिटिव पाए गए. इन नए मामलों के साथ ही भारत में कोविड-19 मामलों की कुल संख्या 2,26,770 लाख हो गई है. पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, केरल और असम में कोविड-19 के मामलों में बड़ा उछाल देखा गया है. भारत में मृत्यु का आंकड़ा 6,348 तक पहुंच गया. पिछले 24 घंटों में 273 मौतें दर्ज की गई हैं. भारत में सक्रिय कोरोना वायरस के कुल रोगियों की संख्या 110,960 तक पहुंच गई है और कुल कोरोना वायरस मामलों में लगभग 48 फीसदी यानी 1.09 लाख लोगों को ठीक किया जा चुका है. गुरुवार को महाराष्ट्र में 2,933 कोरोना वायरस मामले सामने आये. अब राज्य में कुल कोरोना वायरस मामलों की संख्या 77,793 हो गई है. पिछले 24 घंटों में अकेले मुंबई में 1,439 मामले सामने आए. पिछले 24 घंटों में राज्य में कम से कम 123 लोगों की मौत हो गई, जो अब का सबसे बड़ा आंकड़ा है. दुनियाभर में कुल कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 6,702,699 है. जबकि 393,212 लोगों की मौत हुई है. अमेरिका में सबसे ज्यादा 1,924,051 मामले हैं. महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में सबसे अधिक नए मामले सामने आये हैं. दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 1,300 से मामले दर्ज हुए. राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या 25,004 है. दिल्ली अब महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बाद 25,000 से अधिक कोविड 19 मामलों वाला राज्य बन गया है. गुजरात में भी गुरुवार को कोविड-19 के मामलो में बड़ी उछाल देखी गई.राज्य में 495 लोगों को पॉजिटिव पाया गया. अब गुजरात में कुल मामलों की संख्या 18,584 है. राज्य में महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा 1,155 मौतें हुई हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में कोरोना वायरस मामलों का पता लगाने के लिए टेस्टिंग क्षमता को बढ़ा दिया है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि पिछले 24 घंटों में कम से कम 1,39,485 नमूनों का परीक्षण किया गया. इस प्रकार अब तक परीक्षण किए गए नमूनों की कुल संख्या 42,42,718 है. देश में कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर मार्च के अंतिम सप्ताह में लॉकडाउन शुरू किया गया था. दो महीने से अधिक समय के बाद केंद्र ने आगामी सोमवार से रेस्तरां, शॉपिंग मॉल और धार्मिक स्थानों को खोलकर देश को अनलॉक करने का फैसला किया है. कोविड-19 के खिलाफ लड़ने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग जैसे दिशानिर्देश जारी किए गए हैं.