Breaking News

देश में स्थिति सामाजिक आपातकाल जैसी है : पीएम मोदी

09 Apr, 2020 838

संवाददाता/in24 न्यूज़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लॉकडाउन को एक बार में खत्म करने की उम्मीदों को झटका देते हुए कहा कि देश में स्थिति सामाजिक आपातकाल जैसी है और कोविड-19 महामारी के कारण गंभीर आर्थिक चुनौतियां भी हैं। दरअसल देश में संक्रमण के मामलों की तादाद तेजी से बढ़ी है।  प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड-19 के संकट पर बुलाई गई बैठक में विपक्ष एवं अन्य दलों के नेताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कोरोना वायरस के मुद्दे पर संवाद में कहा कि कोरोना वायरस से पहले और कोरोना वायरस के बाद का जीवन एक जैसा नहीं होगा। प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक के बाद कई नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि 14 अप्रैल को एक साथ लॉकडाउन नहीं हटेगा। आधिकारिक वक्तव्य के मुताबिक प्रधानमंत्री ने नेताओं से कहा कि स्थिति सामाजिक आपातकाल जैसी है, कड़े निर्णय लेने की जरूरत है और हमें अवश्य ही सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार की प्राथमिकता हर व्यक्ति के जीवन को बचाने की है। कई राज्यों ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने के संकेत दिए हैं खासकर उन इलाकों में जिनकी पहचान घातक कोरोना वायरस के हॉट स्पॉट के रूप में की गई है। मुंबई के अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मास्क पहनना या मुंह ढंकना अनिवार्य कर दिया गया है। कर्नाटक ने कहा कि अप्रभावित इलाकों में पाबंदियों हटाई जा सकती है और संकट से निपटने के लिए राजस्व जुटाने की खातिर 14 अप्रैल के बाद शराब की बिक्री की इजाजत दी जा सकती है। दिल्ली सरकार ने 20 अति प्रभावित क्षेत्रों को पूरी तरह सील करने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश ने 15 जिलों में बहुत अधिक प्रभावित इलाकों को पूरी तरह सील करने का फैसला किया है, इनमें कुछ इलाके नोएडा और गाजियाबाद के भी हैं। सील किए गए इलाकों में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां होंगी जिसमें किसी को भी घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी। लोग आवश्यक वस्तुओं के लिए भी बाहर नहीं निकल सकेंगे। हालांकि अधिकारियों ने राशन और दवाइयों जैसे आवश्यक सामान को घर तक पहुंचाने की सेवा का आश्वासन दिया है। इन इलाकों में चिकित्सा सेवा में लगे वाहनों को ही आने जाने की इजाजत होगी। देश में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 5,274 हो गई और इस संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 149 पर पहुंच गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ताजा आंकड़ों में बताया कि कोविड-19 के ऐेसे मामले जिनमें इलाज चल रहा है उनकी संख्या 4,714 है। 410 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गई है। प्रधानमंत्री के साथ विपक्षी नेताओं की बैठक बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि ज्यादातर विपक्षी नेताओं, करीब 80 फीसदी ने लॉकडाउन की अवधि आगे बढाने की बात की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन की मियाद बढ़ाने के सुझाव उनके पास आ रहे हैं लेकिन कोई भी कदम उठाने से पहले वह मुख्यमंत्रियों और अपने सहयोगियों से विचार-विमर्श करेंगे। प्रधानमंत्री 11 अप्रैल को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर सकते हैं। बैठक के बाद बीजद नेता पिनाकी मिश्रा ने  कहा कि नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया कि 14 अप्रैल को एक साथ लॉकडाउन नहीं हटेगा। मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमसे कहा कि कोरोना वायरस से पहले और कोरोना वायरस के बाद का जीवन एक जैसा नहीं होगा। उत्तराखंड और गोवा के साथ कई अन्य राज्यों ने भी लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया, वहीं पंजाब सरकार ने कहा कि वह इस बारे में 10 अप्रैल को फैसला करेगी कि राज्य में 14 अप्रैल के बाद कर्फ्यू बढ़ाया जाए या नहीं।

अन्य खबरे