Breaking News

नए संसद भवन के बाहर 28 मई को महिला महापंचायत

22 May, 2023 574

संवाददाता/in24 न्यूज़.
राजधानी दिल्ली में भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह (Brij Bhushan Singh) के खिलाफ धरने पर बैठे पहलवानों के हक में रविवार को हरियाणा में आयोजित सर्वखाप महापंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि पहलवानों के समर्थन में 23 मई को दिल्ली में कैंडल मार्च (candle march) निकाला जाएगा। इंडिया गेट पर शाम पांच बजे निकाले जाने वाले इस कैंडल मार्च में देशभर के लोग पहुंचेंगे। 28 मई को नए संसद भवन के बाहर खापों की महिला महापंचायत होगी, जिसमें देशभर से महिलाओं के अलावा खाप और किसान नेता भी पहुंचेंगे। यह महिला महापंचायत पहलवानों के साथ मिलकर जो भी फैसला लेगी, वह सभी खापों को मंजूर होगा और फैसले के पांच घंटे के अंदर सभी खापों के ज्यादा से ज्यादा लोग दिल्ली पहुंच जाएंगे। गौर हो कि 28 मई को ही नए संसद भवन का उद्घाटन होना है। रोहतक में महम चौबीसी के ऐतिहासिक चबूतरे पर हुई सर्व खाप महापंचायत में हरियाणा और यूपी के अलावा अन्य राज्यों के खाप प्रतिनिधि भी पहुंचे। महापंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत के अलावा धरने पर बैठे पहलवान भी शामिल हुए। सुबह 11 बजे शुरू हुई महापंचायत शाम चार बजे तक चली। रविवार की सर्वखाप महापंचायत में बृजभूषण सिंह का नार्को टेस्ट कराने की डिमांड भी की गई, ताकि लोगों का भ्रम दूर हो और उसकी गिरफ्तारी की जा सके। इस अवसर पर कमेटी सदस्य जयपाल दहिया, ओमप्रकाश कंडेला, सतीश चेयरमैन, बलवंत फौगाट, रोहतास, राज दलाल, तेजवीर पंजाब, मित्रपाल यूपी, सुरेंद्र दिल्ली, शमशेर पुनिया राजस्थान, सुरेंद्र तोमर यूपी, सतबीर पहलवान खेड़ा खाप समेत चौबीसी खाप की तरफ से प्रधान मेहर सिंह नंबरदार व मास्टर रामफल राठी महासचिव चौबीसी खाप मुख्य तौर पर मौजूद रहे। बता दें कि खाप पंचायतों ने सात मई को जंतर-मंतर पर मीटिंग करके केंद्र सरकार को बृजभूषण सिंह पर कार्रवाई के लिए 20 मई तक का वक्त दिया था। यह समय पूरा हो जाने के बावजूद केंद्र सरकार या दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण पर कोई एक्शन नहीं लिया। इसके बाद ही रोहतक के महम चौबीसी चबूतरे पर रविवार को सर्वखाप महापंचायत बुलाई गई थी। बता दें कि 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों ने संसद भवन का उद्घाटन होने वाला है।

अन्य खबरे