पाकिस्तानी लड़की ने भारत आकर भारतीय से शादी की पर उसे वापस भेजा गया वतन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रेम सरहदों को भी पार करने से गुरेज़ नहीं करता! पाकिस्तानी महिला नागरिक इकरा (Pakistani female citizen) इकरा जिवानी (Iqra Jiwani) ने सीमा पार कर एक भारतीय से शादी की थी, लेकिन उसे वापस अपने देश भेज दिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जांच में सामने आया था कि 19 साल की इकरा जिवानी की कोई संदिग्ध या आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं है। वह अपने प्रेमी मुलायम सिंह यादव से शादी करने के लिए ही भारत आई थी। बेलंदूर पुलिस ने 23 जनवरी को उसे उसके पति के साथ गिरफ्तार किया था। पाकिस्तान की इकरा भारत के मुलायम सिंह यादव से ऑनलाइन गेम लूडो के जरिए मिली थी। दोनों में प्यार हो गया और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। इकरा अपने माता-पिता को बताए बिना इकरा नेपाल के काठमांडू चली गई। वह बिहार में बीरगंज सीमा के रास्ते भारत में घुस गई। दोनों 28 सितंबर, 2022 को बेंगलुरु पहुंचे थे और सरजापुर रोड के पास जुन्नासंद्रा में किराए के मकान में रहने लगे। यादव ने अपना आधार कार्ड रवा यादव के नाम से बनवाया था और पासपोर्ट के लिए आवेदन भी किया था। केंद्रीय जांच एजेंसियों ने पाकिस्तान में उसके माता-पिता को ट्रैक किया और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने इकरा और मुलायम सिंह यादव को गिरफ्तार कर विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समक्ष पेश किया। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की कि इकरा को अटारी-वाघा सीमा के माध्यम से पाकिस्तान वापस भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक जांच से पता चला है कि इकरा और मुलायम दोनों की आपराधिक या संदिग्ध पृष्ठभूमि नहीं है। जांच स्थानीय पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की गई। दोनों चार साल तक रिलेशनशिप में रहे, इसके बाद लड़की ने बॉर्डर पार कर उसके साथ रहने का फैसला किया। जब अधिकारियों ने उसे पाकिस्तान डिपोर्ट करने की तैयारी शुरू की, तो इकरा ने वापस जाने से इनकार कर दिया। पुलिस सूत्रों ने खुलासा किया कि उसने अधिकारियों से अनुरोध किया कि उसे वापस पाकिस्तान न भेजा जाए। युवती ने दावा किया कि चूंकि उसने एक भारतीय से शादी की है, इसलिए उसे यहां उसके साथ रहने की अनुमति दी जानी चाहिए। सूत्रों ने कहा कि अधिकारियों ने इस संबंध में पाकिस्तान सरकार से संपर्क किया और इस प्रक्रिया में करीब दो महीने लग गए। बता दें कि शादी के बावजूद इकरा को भारत में रहने की अनुमति नहीं मिली।